मिलनी के नाम पर लिए जाएं सिर्फ 100 रुपये
राष्ट्रीय सैनी समाज एकता संगठन की बैठक में दिए सुझाव
रादौर। राष्ट्रीय सैनी समाज एकता संगठन की बैठक रादौर में वीरवार को नीलकंठ टेंट हाउस पर आयोजित की गई। बैठक में सैनी समाज में दहेजप्रथा, लड़की के घर सगाई, विवाह में अधिक मिलनियां, शराब परोसना, डीजे बजाना, मृत्यभोज जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सैनी समाज एकता संगठन के ब्लॉक प्रधान संदीप सैनी ने की। उन्होंने कहा कि आज दिखावे के चक्कर में एक दूसरे में होड़ लगी हुई है। इसके कारण सैनी समाज आर्थिक तौर पर खोखला होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि सगाई लड़के के घर पर ही होनी चाहिए। मिलनी के नाम पर मात्र 100 रुपये ही लिए जाएं, मिलनियां केवल बाप, दादा व मामा की ही जाए। मृत्यु भोज पर प्रतिबंध लगना चाहिए, फूल चुगने की रस्म सिर्फ परिवार वालों को ही निभानी चाहिए। फूल चुगने पर किसी से पैसे नहीं लिए जाने चाहिए। प्रधान संदीप सैनी ने कहा कि इन सामाजिक बुराइयों को रोकने के लिए सामाजिक दंड लगाने का प्रावधान नहीं किया जाएगा तब तक इन पर अंकुश लगना संभव नहीं है। वहीं बैठक में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शपथ ली गई। इस अवसर पर राजेश कुशवाहा, विशाखा मौर्य, वैष्णवी मौर्य, सुमेर बकाना, प्रवेश बकाना, पर्व बकाना, धर्मेंद्र फतेहगढ़, बंटी फतेहगढ़, संदीप सैनी फतेहगढ़, नीरज, मोहित सैनी, रविंद्र, साहिल, सोनू, जगमालसिंह आदि मौजूद थे।