पिस्टल दिखाकर रॉयल्टी कर्मचारियों से लूटी रॉयल्टी बिल, माइनिंग बुक व मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। रणजीतपुर क्षेत्र में माइनिंग के नाम पर अपराध बढ़ रहा है। शनिवार सुबह जहां स्क्रीनिंग प्लांट के मुंशी की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। वहीं, काठगढ़ रॉयल्टी नाके तीन अज्ञात युवक दो रॉयल्टी कर्मचारियों से पिस्टल दिखाकर रॉयल्टी बिल बुक, माइनिंग बुक व मोबाइल लूट ले गए। बदमाशों ने एक कर्मी की छाती पर पिस्टल तानी और दूसरे कर्मी से बिल बुक व माइनिंग बुक और मोबाइल छीना। वारदात को अंजाम देकर आरोपी सोमनदी के रास्ते बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने मौके का मुआयना कर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव मारवाकलां निवासी दीपक चौहान ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव काठगढ़ स्थित रॉयल्टी नाके पर नौकरी करता है। उनका काम खनन सामग्री से भरे वाहनों की रॉयल्टी काटना है। रोज की तरह देर रात आठ बजे वह अपने साथी जिला जींद के गांव रटौली निवासी सुभाष के साथ नाके पर ड्यूटी दे रहा था। इस दौरान बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और सोमनदी की तरफ चले गए। करीब दस मिनट बाद फिर से युवक नाके पर पहुंचे और उससे रॉयल्टी बिल बुक व माइनिंग बुक मांगने लगे। लेकिन उन्होंने युवकों को बिल बुक व माइनिंग बुक देने से मना कर दिया। तभी एक युवक ने जेब से देसी पिस्टल निकाली और उसकी छाती पर तान दी। बदमाशों ने उन्हें पिस्टल का डर दिखाया। दो युवकों ने सुभाष को पकड़कर उसके पास से रॉयल्टी बिल बुक, माइनिंग बुक छीन ली। इसके बाद बदमाश मेज पर रखा उसका मोबाइल भी लूट लिया। एक बदमाश ने पहले जाकर बाइक को स्टार्ट किया। जबकि दो युवकों ने उन्हें पकड़े रखा। इसके बाद बदमाश उन्हें धक्का देकर बाइक पर बैठ सोमनदी के रास्ते फरार हो गए। उन्होंने बदमाशों का पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश मौके से फरार हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
खनन माफिया व रॉयल्टी ठेकेदारों के बीच पहले भी हो चुकी है मारपीट की घटनाएं
खनन जोनों पर रॉयल्टी जब से ठेके पर गई है तब से रॉयल्टी ठेकेदारों और खनन माफिया के बीच में तनातनी का माहौल रहता है। चाहे वह बल्लेवाला खनन जोन हो या रणजीत खनन जोन। कुछ दिनों पहले देवधर नाके पर भी खनन माफिया व रॉयल्टी कर्मियों के बीच झगड़ा हुआ था। रॉयल्टी बचाने के लिए खनन माफिया नाकों से हटकर कच्चे रास्तों से निकलते है। या अन्य वैकल्पिक मार्ग अपनाते हैं। उधर, रॉयल्टी ठेकेदारों द्वारा कुछ कर्मी कारों के माध्यम से गश्त पर रहते हैं और बिना रॉयल्टी पर्ची के चल रहे वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हैं। ऐसे में दोनों कई बार आमने सामने हो चुके हैं।
एक टन बजरी पर है 60 रुपये रॉयल्टी
हर खनन जोन में रॉयल्टी काटने के लिए कंपनियों द्वारा ठेके लिए हुए हैं। एक टन बजरी पर 60 रुपये रॉयल्टी काटी जाती है। जो कि ठेकेदारों द्वारा लगाए गए नाकों पर काटी जाती है। इसमें सरकार का टेक्स भी शामिल होता है। कई स्थानों पर रॉयल्टी ठेकेदारों में भी आपस में तनातनी है। काठगढ़ नाके पर हुई लूट भी इसी नजरिए से देखी जा रही है।
चार दिन पहले चुहुड़पुर नाके पर मुंशी से हुई थी हाथापाई
रॉयल्टी की पर्ची को लेकर चार दिन पहले चुहुड़पुर नाके पर भी रॉयल्टी ठेकेदार के मुंशी के साथ कुछ लोगों ने हाथापाई की थी। मुंशी सन्नी ढिल्लो ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें सन्नी ने बताया कि नाके से कुछ ट्रैक्टर ट्रॉली चालक जबरन बिना रॉयल्टी पर्ची कटवाए निकलने का प्रयास कर रहे थे, जब उन्होंने उन्हें रोका तो 10-15 अन्य लोग वहां पर आ गए और उसके साथ हाथापाई की थी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी हुई है।
वर्जन
काठगढ़ में रॉयल्टी कर्मचारियों से तीन अज्ञात युवकों ने छाती पर पिस्टल तानकर रॉयल्टी बिल बुक, माइनिंग बुक व मोबाइल छीन लिया। मामले में तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- एएसआई जसबीर सिंह, इंचार्ज, रणजीतपुर चौकी, बिलासपुर।
फोटो : 30
नाके पर तैनात कर्मचारियों पर ट्रक चालक ने लगाया मारपीट का आरोप, किया हंगामा
यमुनानगर। ओवरलोड को रोकने के लिए थर्मल प्लांट के पास लगे नाके पर रविवार सुबह करीब छह बजे हंगामा हो गया। थर्मल की राखी लेकर जा रहे ट्रक ड्राइवर रघुविंद्र ने नाके पर तैनात कर्मचारियों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर उसकी गाड़ी के कागजात और मोबाइल छीनने का भी आरोप है। सूचना मिलते ही अन्य ट्रक ड्राइवर और जिप के पूर्व सदस्य लाल सिंह कैत वहां पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। बाद में अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी। इसके बाद वे शांत हुए।
वर्जन
जगाधरी एसडीएम भारतभूषण कोशिक का कहना है कि वे खुद रात के समय नाकों की चेकिंग करते हैं। रात भी वे चेकिंग कर रहे थे। ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इसी कार्रवाई के चलते ही कुछ ट्रक ड्राइवरों ने बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। जहां तक मारपीट का आरोप है, इसकी जांच करेंगे। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।