यमुनानगर। एक प्रयास आपके साथ ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंद मेधावियों की पढ़ाई का खर्च वहन किया जाता है। इसके लिए नए पात्र मेधावियों के चयन के लिए ट्रस्ट की ओर से 15 दिसंबर को एसडी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जगाधरी में चयन परीक्षा कराई जा रही है। इसके लिए जिले के 57 स्कूलों से 152 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। चयन परीक्षा के संबंध में वीरवार को ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बैठक कर तैयारियां पर चर्चा की।
ट्रस्ट के प्रधान आरएस शर्मा, विशेष सलाहकार शीशपाल चौहान व मीडिया प्रभारी विनय मोहन ने बताया कि 83 स्कूलों में से 57 से 152 विद्यार्थियों के आवेदन आए हैं। इसमें साढौरा के छह स्कूलों के 11, रादौर के 11 स्कूलों से 26, बिलासपुर के छह स्कूलों से 17, जगाधरी के 12 स्कूलों से 49, सरस्वती नगर के सात स्कूलों से 15, छछरौली के 15 स्कूलों से 34 बच्चों ने आवेदन किया। परीक्षा समय सुबह 11 बजे रहेगा। परीक्षार्थी 10.30 पर रिपोर्ट करेंगे। संस्था की ओर से मदद पाने के बाद तीन को नौकरी मिल गई है। अभी संस्था की मदद से 27 विद्यार्थी उच्च शिक्षा ले रहे हैं। महासचिव कुंदन कालड़ा व सुशील गुलाटी ने बताया कि परीक्षा में बहु विकल्पीय 100 प्रश्न होंगे। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, मैथ्स, साइंस, सामाजिक, सामान्य ज्ञान व रीजनिंग के शामिल रहेंगे। उसी दिन मार्किंग की जाएगी। कोषाध्यक्ष अच्छर सिंह ने बताया कि चयन परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को आने-जाने का किराया व रिफ्रेशमेंट भी दी जाएगी। उत्तीर्ण अंक निर्धारण अनुसार दिसंबर के अंतिम सप्ताह में विद्यार्थियों का दूसरे चरण में साक्षात्कार और तीसरे चरण में घरों की आर्थिक स्थिति की जांच की जाएगी। इसके बाद परिणाम को अंतिम रूप दिया जाएगा।परीक्षा की व्यवस्था के लिए नरेंद्र गेरा, केपी सैनी, शामपाल शर्मा, अच्छर सिंह, ओपी सैनी सहयोग कर रहे हैं।