बसें नहीं रुकीं तो हाईवे पर लगाया जाम, आश्वासन मिला तो माने
छछरौली बस अड्डा इंचार्ज ने मौके पर आकर जीएम रोडवेज से करवाई बात
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/छछरौली। मलिकपुर खादर गांव के बस स्टॉप पर बस ना रुकने से नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे 73 पर जाम लगा दिया। छछरौली थाना एसएचओ और छछरौली बस अड्डा इंचार्ज ने मौके पर आकर विद्यार्थियों को समझाया और जीएम रोडवेज से बात कराई। उनके आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने जाम खोला।
नेशनल हाईवे पर स्थित मलिकपुर खादर के बस स्टॉप से प्रतिदिन दर्जनों छात्र-छात्राएं बसों में चढ़ते हैं। शुक्रवार सुबह छात्र-छात्राएं काफी देर तक स्टाप पर बस रुकने का इंतजार करते रहे, लेकिन रोडवेज बसें बिना स्टॉप पर रुके निकलती रही। काफी देर तक कोई भी बस स्टॉप पर नहीं रुकी तो छात्र-छात्राएं सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया और रोडवेज विभाग के खिलाफ काफी देर तक नारेबाजी की। नेशनल हाईवे पर एक घंटे तक छात्र-छात्राओं ने जमकर बवाल काटा और जीएम रोडवेज को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। थाना छछरौली प्रभारी व बस अड्डा इंचार्ज छछरौली शेरखान ने मौके पर पहुंच छात्रों की फोन से जीएम रोडवेज से बात कराई। जीएम रोडवेज ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मलिकपुर खादर गांव के बस स्टॉप पर नियमित रूप से बसें रुकेंगी। यमुनानगर टू खिजराबाद रूट पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि इस रूट पर पड़ने वाले गांव के छात्र-छात्राओं को बसों की समस्या से कोई दिक्कत ना हो और उनकी पढ़ाई बाधित ना हो। जीएम रोडवेज से आश्वासन मिलने के बाद छात्र-छात्राओं ने जाम खोला।
विद्यार्थी कई बार कर चुके हैं मांग
विद्यार्थियों का कहना था कि मलिकपुर खादर बस स्टॉप से प्रतिदिन तीन-चार दर्जन छात्र-छात्राएं बसों में चढ़ते हैं। हरियाणा रोडवेज की बसों की संख्या रूट पर पहले ही बहुत कम है और जो बसें रूट पर चल रही हैं, वे भी मलिकपुर खादर के बस स्टॉप पर नहीं रुकतीं। इसकी वजह से स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि मलिकपुर खादर बस स्टॉप पर नियमित रूप से बस रुकने वह खिजराबाद टू यमुनानगर रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आग्रह कर चुके हैं। इसके बावजूद न तो रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है और जो बसें पहले से चल रही हैं वह भी नियमित रूप से बस स्टॉप पर नहीं रुकती।
-------------
थाना छछरौली प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि छात्र-छात्राओं ने नेशनल हाईवे 73ए पर मलिकपुर खादर गांव के पास जाम लगाया हुआ है। मौके पर पहुुंचने पर पता चला कि छात्र-छात्राओं ने बसें न रुकने से नाराज होकर जाम लगाया है। छात्र जीएम रोडवेज को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। मौके पर मौजूद रोडवेज इंचार्ज ने फोन से छात्रों की बात जीएम से करवाई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने जाम खोल दिया।
फोटो-16,17