अतिक्रमण ने बिगाड़ी रादौर की सूरत
- अतिक्रमण हटाने के नाम पर निभाई जा रही औपचारिकताएं
रादौर। रादौर के मेन बाजार को अतिक्रमण निगल गया है। अतिक्रमण के कारण रादौर शहर का बाजार पैदल चलने लायक भी नहीं रहा है। दिन-प्रतिदिन दुकानदार शहर के बाजार में अवैध कब्जों व अतिक्र मण से बाजार के रास्ते को छोटा करते जा रहे हैं। लेकिन नगरपालिका के कर्मचारी व अधिकारी आंखें मूंदकर अतिक्रमण होने का तमाशा देख रहे हैं। अतिक्रमण हटाओ के नाम पर नगरपालिका रादौर में मात्र कॉलेज रोड पर कुछ दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाकर मात्र औपचारिकता निभाने का काम किया है। जिससे स्थानीय लोगों में नपा की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा बार बार मांग करने पर भी अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे है। जिससे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के हौसले बुलंद है। रादौर निवासी रामकुमार, धीरपाल फतेहगढ, संदीप कुमार, जगमाल सिंह, सोनू, साहिल, रवींद्र, बंटी, नीरज, धर्मेंद्र बर्फानी आदि ने बताया कि कभी क स्बा रादौर के मेन बाजार से गन्ने से लदे दो ट्रक एक साथ आराम से निकल जाया करते थे। लेकिन आज स्थिति बहुत विकट है। आज कस्बे के बाजार से वाहन तो क्या पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। अतिक्र मण बाजार के सड़क मार्ग को निगल गया है। जिससे बाजार में हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। रादौर का मेन बाजार आज से लगभग 40 वर्ष पहले बेहद खुला हुआ करता था। लेकिन बाद में मेन बाजार के दुकानदारों ने दुकानों के आगे बडे़-बड़े चबूतरे बना लिए। बाजार में दोनों ओर दुकानदारों ने अवैध रूप से कई फुट क े पक्के चबूतरे बनाकर सड़क पर कब्जे किए। आजकल मेन बाजार में दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे बने चबूतरों तक दुकानें बनाने की परंपरा चल पड़ी है। दुकानदार बाजार में चबूतरों पर भी शटर लगाकर दुकानें सड़क की ओर बढ़ा रहे है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकानों के बाहर दुकानदार सड़क तक सामान रखकर राहगीरों के लिए मुसीबत खड़ी करते है। रावल चौक पर कुछ किराने के दुकानदार सुबह-शाम चौक पर सामान से लदे ट्रकों को बीचाें-बीच खड़ा करके जाम लगाने का काम करते है। इसी प्रकार गीता बाजार व बुबका रोड पर दुकानदारों द्वारा सामान को सड़क पर रखने का आपस में मुकाबला चल रहा है। जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है। प्रशासन द्वारा कई बार कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर इस समस्या को दूर किया। लेकिन कुछ समय बाद फिर से ऐसे दुकानदार दुकानों के आगे अतिक्रमण करना शुरू कर देते है।
वर्जन-
नगरपालिका रादौर के सचिव सुरेंद्र मलिक ने कहा कि जल्द ही रादौर के बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को बक्शा नहीं जाएगा। दो-तीन दिन में बडे़ स्तर पर बाजार में अतिक्रमण हटाओं अभियान चलाया जाएगा।