नहर से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
रादौर। शनिवार को आवर्धन नहर में ठसका पावर प्लांट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना जठलाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे आवर्धन नहर में ठसका पावर प्लांट के पास आसपास के लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति के शव को पानी के ऊपर तैरते हुए देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस बारे में थाना जठलाना के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार सैनी ने बताया कि मृतक की आयु लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। मृतक ने लाल, काली व नीले रंग की जर्सी, भूरे रंग की कमीज व काले रंग की पेंट पहनी हुई है। मृतक युवक के दाहिने हाथ पर ओम का निशान गुदा हुआ है। वहीं, युवक ने गले में आर्टिफिशियल चेन डाली हुई है। युवक की दो ऊंगलियों में लोहे के छल्ले पहने हुए है।