प्लाटों पर दुकानें न बनाने वालों को नपा ने दिया नोटिस
रादौर। नगरपालिका रादौर द्वारा बस स्टैंड रोड पर खाली पड़े प्लाटों पर 9 दुकानें बनाने के लिए कुछ महीने पहले नीलामी की गई थी। जिसकी एवज में नपा ने 3 लाख रुपये प्रति दुकान के हिसाब से 27 लाख रुपये की नॉन रिफंडेबल की राशि दुकानदारों से वसूल की थी। शर्त के अनुसार 30 नवंबर तक सभी दुकानदारों को नपा के नियमों के अनुसार दुकानें बनानी है। यदि इस अवधि में दुकानें नहीं बनी तो नपा 27 लाख रुपये की राशि को जब्त कर लेगी। अभी तक 9 दुकानदारों में से किसी ने भी नपा के प्लाटों पर दुकानें नहीं बनाई है। नपा की ओर से प्लाटों पर दुकानें बनाने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस के अनुसार दुकानें न बनाने वाले दुकानदारों की 3 लाख रुपये प्रति प्लाट की राशि जब्त की जाएगी। नपा सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि 9 प्लाटों पर दुकानदारों को नपा के नक्शे के अनुसार दुकानें बनानी है। दुकान न बनाने पर बोली को रद्द करके उपरोक्त प्लाटों की दोबारा बोली की जाएगी। बोलीदाताओं ने 5700 से लेकर 6500 रुपये प्रतिमाह किराये पर नपा से दुकानें ली हैं। इस बारे नोटिस जारी करके स्थिति से दुकानदारों को अवगत करवा दिया गया है।