क्षेत्र में ओवरलोडिंग और अवैध खनन बंद कराने की मांग उठी
अमर उजाला ब्यूरो
रादौर। क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग से हो रहे नुकसान को लेकर लोग जागरूक होने लगे हैं, मगर सरकारी अमला आंखें बंद किए हुए है। इसको लेकर बीते दिन गांव गुमथला राव में लोगों ने पंचायत की थी, जिसमें अवैध खनन न होने देने का संकल्प लिया गया था। मामले को एनजीटी में उठाने पर भी सहमति बनी थी। इसी कड़ी में अब हरियाणा एंटी करप्शन सोसायटी का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को विधायक रादौर श्यामसिंह राणा से उनके रादौर स्थित आवास पर मिला। यहां प्रतिनिधिमंडल की ओर से एडवोकेट वरयामसिंह ने विधायक रादौर श्यामसिंह राणा को मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अवैध खनन और ओवरलोडिंग रोकने की मांग की गई है। साथ ही उनके आदेश को भी याद दिलाया गया है, जिसमें यमुनानगर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने तीन दिन में अवैध खनन और ओवरलोडिंग बंद कराने के अफसरों को आदेश दिए थे। कार्रवाई न होने पर विधायक यमुनानगर को बताने की हिदायत दी थी। इस पर हरियाणा एंटी करप्शन सोसायटी ने 5 अक्तूबर को यमुनानगर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा को सबूत सौंपे थे। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर वीरवार को फिर ज्ञापन सौंपा गया। हरियाणा एंटी करप्शन सोसायटी के सदस्यों ने बताया कि सरकार की ओर से जो मापदंड रेत के ठेकेदार को बताए गए थे, लेकिन ठेकेदार नियमों का उल्लंघन कर रहा है। इधर, विधायक श्यामसिंह राणा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि गुमथला क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन को बंद कराया जाएगा। इस अवसर पर सर्वजीत सिंह, बलजीत सिंह, विनोद सिंगला, राजकुमार शर्मा, अशोक गुंबर, सतीश बठला, राजकुमार घिलौर, संदीप सैनी रादौर, हुकमचंद, विनिश राणा, सुखदेव नागल, साजिद खान, अनुराग कांबोज आदि मौजूद थे।