पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में सड़क पर उतरी ‘आप’
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस के दामों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप)के कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने पार्टी जिला अध्यक्ष राजेश सैनी के नेतृत्व में जगाधरी अनाज मंडी के सामने घरेलू गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर धरना दिया। इसके बाद लघु सचिवालय के सामने नेशनल हाईवे के नजदीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी नेशनल हाईवे से नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने तहसीलदार दर्शन कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष राजेश सैनी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की जनता के हित में काम न करके पुंजीपतियों और उद्योगपति के हित में कार्य कर रही है। नोटबंदी में गरीब जनता और किसानों को बहुत कष्ट झेलना पड़ा। वहीं जीएसटी से छोटे उद्योगपतियों, दुकानदारों, मजदूरों के लिए परेशानी हो गई है। आरोप लगाया कि, इसका अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। अब केंद्र सरकार के इस कार्यकाल में लगातार डीजल-पेट्रोल व घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमत बढ़ रही है। इससे गरीबों को परेशानी हो रही है। यह हाल तब है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतेें लगातार घट रहीं हैं। आम आदमी पार्टी इसका पूरजोर विरोध करती है कि और मांग करती है कि इन सब चीजों की कीमतें घटाई जाए। आप कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री से इस्तीफा भी मांगा। वहीं जिला युवा अध्यक्ष योगेश सेठी ने कहा कि केंद्र सरकार ने माहभर पहले बड़े शहरों में डीजल और पेट्रोल के दाम रोजाना तय करने का निर्णय लिया था। इसमें रोजाना कुछ कुछ पैसे दाम बढ़ रहे थे लोगों को पता ही नहीं चला अब तक पेट्रोल और डीजल के दामों में पांच रुपये से अधिक बढ़ोतरी हो गई। प्रदर्शन में मीडिया प्रभारी अनिल प्रजापति, ऋषिपाल गुज्जर, मायाराम, सुभाष कांबोज, नरेश, अजय शर्मा, धर्मपाल सैनी, अरविंद्र ङ्क्षसंह खालसा, गुलजार, दलीप, इंद्रजीत, जंगशेर, दर्शनी धौलरा, प्रिया शर्मा, रीटा, भीम, संजीव गुप्ता, आरती देवी आदि मौजूद थे।