खंड स्तरीय कला उत्सव में मेजबान स्कूल की टीम रही अव्वल
बिलासपुर। हरियाणा स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में राजकीय आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खंड स्तरीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। रोल प्ले में मेजबान स्कूल की टीम अव्वल रही। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रिंसिपल कैलाश कुमारी ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इससे उनका बौद्धिक व मानसिक विकास होता है। सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम की संयोजक जसबीर कौर ने बताया कि रोल प्ले में राजकीय आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल छछरौली की टीम प्रथम, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोट कलसिया की टीम द्वितीय व राजकीय हाई स्कूल गुलाबगढ़ की टीम तृतीय स्थान पर रही। फोल्क डांस में राजकीय हाई स्कूल गुलाबगढ़ प्रथम, राजकीय आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल छछरौली द्वितीय व राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल छछरौली तृतीय स्थान पर रहा। प्रिंसिपल श्वेता, सुरेंद्र, सोमा देवी व मनजीत कौर ने निर्णायक की भूमिका निभाई।