अब राजपत्रित छुट्टी में भी खुलेंगे बीएसएनएल कैश काउंटर और केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बीएसएनएल उपभोक्ताओं को अब राजपत्रित छुट्टी के दिन भी कैश काउंटर खुले मिलेंगे। इससे उपभोक्ता छुट्टी के दिन भी रिचार्ज से लेकर सिम तक खरीद सकेंगे। इसके साथ ही अपने बिल भी जमा करा सकेंगे। बीएसएनएल के हेड आफिस से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
बीएलएनएल के उपभोक्ता सेवा केंद्र के उपमंडल अभियंता प्रलव सिंह ने बताया कि दूरसंचार सेवा की सरकारी कंपनी बीएलएनएल में अभी तक राजपत्रित अवकाश पर काउंटर बंद रहते थे। अक्सर कई कई दिनों की सरकारी छुट्टी होने से अधिक दिक्कत होती थी, जबकि प्राइवेट कंपनियों के काउंटर छुट्टियों में भी खुलते थे। इस कारण उपभोक्ता भी बीएसएनएल की सेवा लेने से कतराते थे। इसके अलावा अपातकाल में रिचार्ज कराने में भी परेशानी आती थी। इन्हीं दिक्कतों को देखते हुए अब दूरसंचार मंडल की ओर से यह व्यवस्था की गई है, ताकि छुट्टी के दिनों में भी उपभोक्ता बीएलएनएल के काउंटर व उपभोक्ता केंद्रों की सेवा ले सके।