निदेशक पद पर चुनाव की घड़ी नजदीक आई, सरगर्मी बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
रादौर। गन्ना सोसाइटी रादौर की ओर से सात जोन के निदेशक पदों के लिए 17 सितंबर को होने वाले चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। निदेशक पद के चुनावों को लेकर गन्ना सोसाइटी रादौर से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की ओर से मतदाताओं की सूचियां ली जा रहीं हैं। इसके बाद उम्मीदवार मतदाताओं को रिझाने के लिए उनसे संपर्क साधना शुरू कर रहे हैं। गन्ना सोसाइटी रादौर का चुनाव पांच वर्ष बाद आता है, लेकिन चुनावों को लेकर गन्ना सोसाइटी से जुुड़े किसानों में जोश देखा जाता है। रादौर गन्ना सोसाइटी के अंतर्गत यमुनानगर, शाहाबाद, भादसो शुगर मिल का एरिया पड़ता है। तीनों मीलों के क्षेत्र को बनाकर गन्ना सोसाइटी की ओर से सात जोन तैयार किए गए हैं। जिनमें तीन जोन सामान्य वर्ग के लिए, दो महिलाओं के लिए, एक बीसी और एक एससी वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। गन्ना सोसाइटी रादौर के सचिव चौधरी जरनैल सिंह नगला ने बताया कि निदेशक पदों के लिए चार सितंबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद आठ सितंबर को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। आठ सितंबर की शाम को ही चुनाव मैदान में बच्चे उम्मीदवारों को चुनाव निशान आवंटित कर दिए जाएंगे। इसके बाद 17 सितंबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चुनाव होगा। चुनाव के बाद ही मतगणना करके चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जोन नंबर-1 में कुल 30 गांव पड़ते हैं। जिनके 118 मतदाता (डेलिगेट्स) निदेशक का चुनाव करेंगे। यह वार्ड सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। जोन नंबर-दो महिलाओं के लिए आरक्षित है, जिसमें 159 मतदाता है। इस जोन में 24 गांव पड़ते हैं। जोन नंबर-3 सामान्य वर्ग के लिए है, जिसमें 139 मतदाता हैं। जिसमें 55 गांव पड़ते हैं। जोन नंबर-4 महिलाओं के लिए आरक्षित है, जिसमें 87 मतदाता हैं और नौ गांव पड़ते हैं। जोन नंबर-5 एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इसमें 108 मतदाता हैं, जिसमें 11 गांव पड़ते हैं। जोन नंबर-6 सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हैं। जिसमें कुल 123 मतदाता हैं, जिसमें 29 गांव पड़ते हैं। जोन नंबर-7 सामान्य वर्ग के लिए है, जिसमें कुल 31 गावं हैं और इसमें 129 मतदाता हैं।