युवतियां-महिलाएं सिख मार्शल आर्ट का लें प्रशिक्षण : बलदेव सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर के वरिष्ठ उप प्रधान जत्थेदार बलदेव सिंह कायमपुर ने कहा कि सिख मार्शल आर्ट गुरु साहिबान का अनमोल उपहार है। इसे संभालना हमारा कर्तव्य है। वर्तमान में इसकी महत्ता काफी अधिक बढ़ गई है। खास तौर पर युवतियों और महिलाओं को इसका प्रशिक्षण लेना चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों को मुंहतोड़ जवाब दे पाएं। बलदेव सिंह रविवार को गुरुद्वारा साहिब पातशाही दसवीं हनुमान गेट जगाधरी में प्रदेश स्तरीय गतका मुकाबलों के शुभारंभ के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कहाकि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर की ओर से चलाई गई विशेष मुहिम के तहत सिख मार्शल आर्ट (गतका) मुकाबले कराए जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत आज पहले मुकाबले के साथ हुई। जत्थेदार बलदेव सिंह नेे कहा कि गतका केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का सरल माध्यम भी है। वर्तमान में आत्मरक्षा के महत्व बढ़ गया है, इसलिए सिखों के बच्चों को इसमें निपुण होना चाहिए। इतना ही नहीं, सिख मार्शल आर्ट के माध्यम से बच्चे अपनी पहचान भी बना सकते हैं। एसजीपीसी वरिष्ठ उपप्रधान ने बताया कि दूसरी प्रतियोगिता 20 अगस्त को गुरुद्वारा सिंह सभा सेक्टर-15 फरीदाबाद में होगी। इसके अलावा 26 अगस्त को गुरुद्वारा भाई लालोजी तहसील कैंप पानीपत में, एक सितंबर को गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी कुरुक्षेत्र में, तीन सितंबर को गुरुद्वारा साहिब डेरा कार सेवा करनाल में, नौ सितंबर को गुरुद्वारा साहिब पातशाही दसवीं सिरसा में, 10 सितंबर को गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब पंचकूला में और 17 सितंबर को गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब अंबाला में गतका मुकाबले होंगे। सिख मिशन हरियाणा प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जिलों से 6 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में श्री गुरु हरगोबिंद साहिब गतका अखाड़ा की टीम ने पहला और निशान खालसा गतका अखाड़ा की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। मुकाबले में हरदीप सिंह, सुप्रीत सिंह, इंदरपाल सिंह, शमशेर सिंह और गुरविंदर सिंह ने बतौर निर्णायक भूमिका निभाई। शिरोमणि कमेटी के गतका कोच इंदरपाल सिंह ने बताया कि एसजीपीसी द्वारा करवाए जा रहे मुकाबलों की शृंखला में लोगों को गतका के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं को इस शस्त्र विद्या की महत्ता से भी अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में एसजीपीसी वरिष्ठ उपप्रधान जत्थेदार बलदेव सिंह कैमपुर, सिख मिशन हरियाणा प्रभारी सुखदेव सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर विशेष रूप से गुरुद्वारा साहिब पातशाही दसवीं हनुमान गेट प्रबंधन समिति के प्रधान करतार सिंह अपने साथियों समेत मौजूद रहे।