संस्कार और संस्कृति की बातें करने वालों के बेटे कर रहे छेड़छाड़ : तंवर
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर सोमवार को निशाना साधा है। कहा कि संस्कृति और संस्कार की बात करने वाली भाजपा के नेता के बेटे सरेआम लड़कियों का पीछा कर रहे हैं। इस मामले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को अपना इस्तीफा देना चाहिए। स्थानीय होटल में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इनेलो को भाजपा का पार्ट टू करार दिया।
तंवर ने कहा कि प्रदेश में बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, जो संस्कार और संस्कृति की बात करते थे, वह सब नजर नहीं आ रहा है। हर रोज बेटियों पर अत्याचार हो रहे हैं। सरकार उसके बाद भी मौन नजर आ रही है। सरकार ने दुर्गा आपरेशन चला कर मनचलों से छुटकारा पाने की कोशिश की थी, लेकिन वह सब कागजों तक ही सीमित रह गया। सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम साबित होती नजर आ रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बेटे की ओर से छेड़छाड़ के मामले पर सवाल उठाए। कहा कि, जो धाराएं पुलिस ने पहले लगाई थी, उन्हें हटा दिया गया है। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार बेटियों की सुरक्षा को लेकर कितनी मुस्तैद है। आरोप लगाया कि, पुलिस ने सरकार के दबाव में हल्की धाराएं लगाई हैं। यह कानूनी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। तंवर ने कहा कि पूरे प्रदेश में सरकार की छवि धूमिल हो गई है। प्रदेश में सभी वर्ग के साथ भेदभाव किया जा रहा है। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी सड़कों पर है और वह जनता की आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भावनात्मक मुद्दों को भड़का कर जनता को बार-बार भ्रमित कर रही है। भाजपा के कुछ नेता गाय के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जो काफी निंदनीय है। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर गुजरात में हुए पथराव पर पूछे सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री हवाई दौरे करते हैं, लेकिन जब राहुल गांधी बाढ पीड़ितों का हाल-चाल पूछने के लिए गए तो भाजपा के इशारे पर उन पर पथराव किया गया। तंवर ने कहा कि इनेलो ने एसवाईएल के मुद्दे में सेटिंग की हुई है। इनेलो भाजपा की बी पार्टी है। मौके पर भूपेेंद्र सिंह राणा, सतपाल कौशिक, सुरेश ढांडा व असलम खेडी आदि मौजूद थे।