ट्विन सिटी पर मेहरबान हुए बादल, रुक-रुककर रातभर बरसे
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। ट्विनसिटी और जगाधरी पर रविवार-सोमवार को बादल मेहरबान रहे। रविवार रात आसमान में छाए बादलों ने बरसना शुरू किया तो रुक-रुक कर सुबह तक बरसते रहे। बादल जब तक थमे खेत-खलिहान लबालब हो चुके थे। इससे किसानों के चेहरे तो खिल गए, मगर प्रशासन की उदासीनता ने नगरीय क्षेत्र के लोगों की फजीहत करा दी। जल निकासी के पर्याप्त इंतजाम न होने से सड़कों और गली-मोहल्लों में जलभराव हो गया। कृषि विभाग के मुताबिक सोमवार सुबह आठ बजे तक जिले में औसतन 38 मिलीमीटर(मिमी) बारिश रिकार्ड की गई। इस दरम्यान सबसे अधिक 70 एमएम बारिश छछरौली में दर्ज की गई, जबकि जगाधरी में 53, रादौर में 41, सरस्वती नगर में 34, बिलासपुर में 24 और साढौरा में सात एमएम बारिश हुई।
तेज हवा से फसलें गिरीं, स्वास्थ्य केंद्र में जलभराव
रादौर। क्षेत्र में अरसे बाद सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई, मगर बारिश संग चल रही तेज हवा से गांवों में गन्ने और चेरी की फसल नीचे गिर गईं, पॉप्लर के पेड़ भी हवा के सामने टिक नहीं पाए। वहीं एसके रोड पर बस स्टैंड से लेकर बुबका चौक तक सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अनाजमंडी रादौर में बारिश के पानी की निकासी न हो पाने से रादौर मंडी पानी से भर गई। इससे सब्जीमंडी के आढ़तियों और किसानों की हजारों रुपये की सब्जियां खराब हो र्गइं। सब्जी मंडी रादौर के प्रधान विजय आढ़ती ने बताया कि अनाजमंडी में सब्जी मंडी खुले में चल रही है। सोमवार को बारिश से सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। किसान संजय कुमार, छज्जूराम, सतपाल, रामकुमार, महिंद्र आदि ने बताया कि तेज बारिश के साथ हवा चलने से उनकी गन्ने की फसल जमीन पर बिछ गई है। धान की फसल के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई है। चमरोडी निवासी विपिन कांबोज, नरेन्द्र, सुलेख, कमल आदि ने बताया कि सोमवार को हुई बारिश से उनके गांव के स्वास्थ्य केंद्र में तीन फीट पानी भर गया। अस्पताल के कमरों और कार्यालय में पानी भरने से दिक्कत हुई।
छछरौली मार्केट से पंप चलाकर निकाला गया पानी
छछरौली। भारी बारिश की वजह से खेतों में भरा पानी अब कम होने लगा है। कई जगह जलमग्न सड़कों से सोमवार को पानी उतर गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। छछरौली की जमना मार्केट में बारिश की वजह से पानी भर गया। वहीं बिलासपुर से छछरौली मार्ग पानी भरने से सारा दिन बंद रहा। छछरौली बस स्टैंड से रेस्ट हाउस तक सड़क पर तीन से चार फीट तक पानी भरा रहा। इसके साथ लगती जमुना मार्केट से पानी निकालने के लिए दुकानदार दिनभर मशक्कत करते रहे। बाद में कर्मचारियों ने पंप सेट लगाकर सड़क और मार्केट का पानी निकाला। शेरपुर-लेदी मार्ग व याकूबपुर मार्ग पर रविवार को सड़क के ऊपर से पानी गुजर रहा था। सोमवार को यहां पानी उतरने से यातायात चालू हो गया। बारिश के पानी से याकूबपुर, दसोरा, दसोरी, हाफिजपुर, हाफिजी, बरौली, डमौली व तारूवाला आदि दर्जनों गांवों में बारिश का पानी पहले से कम हो गया है। अब इन गांवों में खेतों में लगी फसलें नजर आने लगी हैं। छछरौली-बिलासपुर मार्ग पर पानी निकासी की समस्या काफी समय से चली आ रही है। दो दिनों से हो रही बारिश से इस मार्ग की हालत और खराब हो गई है।