जम्मू कॉलोनी-बी में स्वच्छ पेयजल को तरसे 500 परिवार
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। वार्ड नंबर-14 के अंतर्गत जम्मू कॉलोनी-बी में पानी की सप्लाई के लिए लगे दोनोें ट्यूबवेल खराब हो गए हैं, इससे करीब 500 परिवार स्वच्छ पेयजल को तरस रहे हैं। मजबूरन लोगों को हैंडपंपों के शोरायुक्त पानी पीकर काम चलाना पड़ा, जो बीमारी को आमंत्रण दे रहा है।
जम्मू कॉलानी-बी निवासी शादीराम, अमरजीत, सवीना, कुसुम, गुरमीत, रजनी, निर्मला ने बताया कि कॉलोनी में चार ट्यूबवेल हैं। इनमें से एक तीन दिन से तकनीकी खराबी से बंद है, जिससे कॉलोनी में पेयजल सप्लाई काफी लो-प्रेशर में हो रही थी। लेकिन गुरुवार रात से दूसरा ट्यूबवेल भी मोटर खराब होने से बंद हो गया। इस कारण कॉलोनी की गली नंबर-एक से छह तक पेयजल सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई। शुक्रवार को पेयजल सप्लाई न होने पर कॉलोनी की छह गलियों में बसे करीब 500 परिवार प्रभावित हुए। निवासियों को पानी के लिए दिनभर भटकना पड़ा और आसपास के हैंडपंपों से पानी लेकर प्यास बुझानी पड़ी और इसी पानी से नहाने, कपड़े व बर्तन धोने जैसे घरेलू कामकाज निपटाने पड़े। वार्ड पार्षद ने जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को फोन पर समस्या से अवगत कराया। बावजूद इसके शुक्रवार देर शाम तक कॉलोनी में बंद पड़े ट्यूबवेल ठीक नहीं हुए और न पेयजल सप्लाई सुचारू हो पाई।
तीन दिन से समस्या
रामपाल धीमान ने कहा कि कॉलोनी में पेयजल को लेकर तीन दिन से समस्या बनी हुई है। पहले लोगों के घरों में पानी लो-प्रेशर में आ रहा था और अब नलों से बूंद भी नहीं टपक रही। ऐसे में मजबूरन उन्हें आसपास के घरों में लगे सबमर्सिबल और हैंडपंपों से पानी भरकर लेकर काम चलाना पड़ रहा है।
पानी भरकर लाने में हो रही परेशानी
शारदा रानी और राजदुलारी ने बताया कि बुजुर्ग होने के कारण आसपास से पानी भरकर लाने में परेशानी हो रही है। ऐसा पहली बार नहीं है, जब ट्यूबवेल खराब हुए हों। कई बार पहले भी ट्यूबवेल में खराबी के चलते क्षेत्रवासियों को समस्या से दो-चार होना पड़ा था। कई बार घरों में आ रहे सप्लाई के पानी में रेत व बदबू भी आती है।
अधिकांश पी रहे हैंडपंपों का पानी
रजनी शर्मा ने बताया कि पेयजल सप्लाई बंद पड़ने पर अधिकांश लोग हैंडपंपों का शोरायुक्त पानी पीने को मजबूर हैं, जो कभी भी बीमारी की वजह बन सकता है। चूंकि स्थानीय निवासी विभाग की ओर से आने वाला बिल समय पर भरते हैं, इसलिए संबंधित विभाग को भी लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीरता से पेयजल सप्लाई को सुचारू किया जाना चाहिए।
निवासियों द्वारा समस्या से अवगत कराने पर जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई है। उनका प्रयास है कि क्षेत्रवासियों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराया जाए।
निर्मल चौहान, पार्षद, वार्ड नंबर-14।