जनसेवा सर्वे योजना के कार्यों में कोताही न बरते कर्मचारी
यमुनानगर। जिला सचिवालय के सभागार में डीसी रोहतास सिंह खरब ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में जिले के सभी नायब तहसीलदार, तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी व महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओज शामिल रहे। इस अवसर पर डीसी ने बताया कि जन सेवा सर्वे योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके अंतर्गत आने वाले कार्यों में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। उन्होंने कहा कि योजना में अधिकरियों के साथ सक्षम उम्मीदवारों को भी लगाया जाएगा। योजना का मुख्य उद्देश्य परिवार के प्रत्येक व्यक्ति की ऑनलाइन जानकारी दर्ज की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि उस परिवार के पास कैसा मकान है, मकान पक्का है या कच्चा और परिवार में कितने व्यक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि जो अधिकारी इस जन सेवा सर्वे योजना के अंतर्गत कार्य कर रहे हैं, उन्हें जन सेवा योजना की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि उसकी जानकारी लोगों को दें सके। चूंकि जब अधिकारी व कर्मचारी को जन सेवा सर्वे योजना की जानकारी होगी, तभी वह लोगों को इसकी सही व सटीक जानकारी दे सकेगा। उन्होंने कहा कि जन सेवा सर्वे योजना के तहत जो कार्य किया जाता है, वह मौके पर ही किया जाता है। उसका आनलाइन रिकार्ड होता है, जिसका राज्य स्तर पर भी पता चलता रहता है। यदि सरकार के पास हर व्यक्ति से जुड़े आंकड़े होंगे तो सही प्लानिंग के अनुसार योजनाएं तैयार की जाएंगी, ताकि लोगों को इनका अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वह लोगों को जागरूकता पैदा करें कि योजना से उनको लाभ मिलेगा और सभी लोगों को योजना से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन सेवा योजना से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी एक दूसरे से तालमेल बनाकर कार्य करें। यदि किसी अधिकारी व कर्मचारी को किसी प्रकार की दिक्कत आए तो वह जिला मुख्यालय पर बैठे अधिकारियों से तालमेल कर दिक्कत का समाधान करें। मौके पर बिलासपुर के एसडीएम नवीन आहूजा, रादौर की एसडीएम डॉ. पूजा भारती, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम विश्नोई, डीआईओ रमेश गुप्ता, जगाधरी के तहसीलदार दर्शनलाल सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो-9, 10, 11