जगाधरी। आईटीआई में प्रवेश के तीसरी ऑनलाइन प्रक्रिया का बुधवार को दूसरा दिन रहा। इस दौरान वरीयता सूची में सीट पाने वाले विद्यार्थी दस्तावेज जांच के लिए नोडल आईटीआई पहुंचे। सुबह बारिश व खराब मौसम के बावजूद विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान 150 से ज्यादा विद्यार्थियों ने अपने दस्तावेजों की जांच करवाई पर 68 विद्यार्थियों ने ही दाखिला लिया। इसके बाद अब नोडल आईटीआई की कुल 652 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं।
बता दें कि ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया के इस चरण में 26 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच होगी। वहीं, फीस जमा करने का अंतिम समय 27 जुलाई रहेगा। तीसरी वरीयता सूची में नोडल आईटीआई की कुल 382 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई। प्रक्रिया के दो दिन में तीसरी सूची में अलॉट कुल में से 109 सीटों पर विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है। इसके बाद इस चरण की 273 सीटें अभी रिक्त हैं। वहीं, विद्यार्थियों के पास अभी दाखिला लेने के लिए तीन दिन और है। दाखिले के चलते शनिवार को भी संस्थान खुलेंगे और अंतिम दिन की प्रक्रिया होगी। इस दौरान केवल दाखिला संबंधी कार्य ही किए जाएंगे, जबकि अन्य स्टाफ सदस्यों का साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
प्रक्रिया में शामिल पर नहीं ले रहे दाखिला
नोडल आईटीआई में इस बार दाखिला लेने के लिए 7600 से ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। परंतु ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया के अंतिम चरण में 50 प्रतिशत सीटें भी नहीं भर पाई हैं। नोडल आईटीआई में कुल 1348 सीटें और बुधवार तक इन पर कुल 652 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। हर वरीयता सूची में सीटें खाली रह रही हैं। पहली सूची में 753 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई थी। जिसमें से 363 विद्यार्थियों ने ही दाखिला लिया था और 390 सीटें खाली रह गई थीं। इसी तरह दूसरी वरीयता सूची में 335 को सीट अलॉट हुई थी। जिसमें से मात्र 180 ने दाखिला लिया था और 155 सीटें खाली रह गई थीं। तीसरी सूची में 382 को सीट अलॉट हुई है। जिसमें दो दिन में कुल 109 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। अभी इस चरण के तीन दिन शेष है। परंतु दो दिन में 200 से ज्यादा विद्यार्थियों ने दस्तावेजों की जांच करवाई और प्रक्रिया में शामिल हुए, परंतु दाखिला नहीं लिया। इसका कारण है कि विद्यार्थियों को पसंद की ट्रेड नहीं मिल रही है। जिस कारण वे दाखिला लेने से बच रहे हैं।
-
वर्जन:
तीसरे ऑनलाइन चरण की प्रक्रिया के लिए वरीयता सूची जारी हो गई है। इस दौरान 382 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई है। जिसमें से 41 पर विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है। इस चरण में 26 जुलाई तक दस्तावेजों की जांच की जाएगी और 27 जुलाई फीस जमा करने की अंतिम तिथि रहेगी।
दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य नोडल आईटीआई।
-