शहजादपुर पांसरा रोड पर गांव भोगपुर के पास रात करीब नौ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने मजदूर मनोज से 15 हजार रुपये और दो मोबाइल लूट लिए। वारदात के समय वह फैक्टरी के ठेकेदार से भुगतान लेकर घर लौट रहा था। पुलिस ने शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गांव वासुदेव वनुआ निवासी मनोज कुमार ने बूड़िया थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव भोगपुर के नजदीक प्लाईवुड फैक्टरी में काम करता है। उसने गांव भोगपुर में कमरा किराये पर लिया हुआ है। रात को नौ बजे वह फैक्टरी से छुट्टी होने के बाद ठेकेदार से 15 हजार रुपये का भुगतान लेकर अपने कमरे पर जा रहा था। उसका दोस्त अरुण भी उसके साथ था। उसका दोस्त रेहड़ी से सामान खरीदने के लिए पीछे रुक गया। वह धीरे-धीरे पैदल अपने कमरे की तरफ जा रहा था। इस दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे बातों में उलझाकर उससे 15 हजार रुपये और दो मोबाइल छीन लिए और फरार हो गए। इनमें से एक मोबाइल उसके दोस्त अरुण का था। उसने अपने साथी अरुण को आवाज लगाकर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।