संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोरों ने गधौला निवासी इंद्रपाल के घर के ताले तोड़कर 25 हजार की नकदी समेत डेढ़ लाख के गहनों की चोरी कर ली। चोरी के समय इंद्रपाल रिश्तेदारी में पटियाला गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गधौला निवासी इंद्रपाल ने छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी करता है। वह 14 जुलाई को परिवार समेत अपनी रिश्तेदारी में पंजाब के पटियाला गया था। वह रविवार की देर शाम घर पहुंचा। दरवाजों पर लगा ताला टूटा मिलाष अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली पड़ी थी, जिसका लॉकर टूटा हुआ था। अंदर से 25 हजार रुपये , सोने की अंगूठी, सोने के टॉप्स, मोबाइल के इयर पोर्ट व अन्य गहने और सामान गायब था।
चोरी हुए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक थी। जब उसने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो उसमें दो अज्ञात युवक घर का ताला तोड़कर अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं और चोरी करने के बाद पीछे दरवाजे से दीवार फांदकर फरार हो गए। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने अज्ञात दो युवकों पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।