खेत से ट्रैक्टर-ट्राली ले जाने के विरोध पर युवक को मार डाला
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। गांव बीबीपुर में खेत से ट्रैक्टर-ट्राली ले जाने का विरोध करने पर गांव के व्यक्ति ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच कुचलकर एक युवक को मार डाला। बुधवार को दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची थाना बुड़िया पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। बाद में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या आदि धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
गांव बीबीपुर निवासी असलम ने बताया कि उनके खेत यमुना नहर के किनारे हैं। गांव के कुछ लोग यमुना से रेत खनन का कार्य करते हैं, जो उनके खेतों से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गुजरते हैं। आरोप है कि, बुधवार को भी गांव का ही तारिफ रेत खनन के लिए जा रहा था। इस बीच उनके 19 वर्षीय भतीजे शाहरूख ने दोपहर करीब डेढ़ बजे तारिफ को खेत से गुजरने से मना किया। असलम ने बताया कि खनन सामग्री से लदी ट्रॉलियां उनके खेत से न गुजरे, इसके लिए खेत में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अड़ा कर खड़ी की थी। शाहरूख ने तारिफ को वहां से गुजरने से रोका, लेकिन तारिफ नहीं माना। इस पर शाहरूख खेत के बीच खड़ा हो गया। उसने तारिफ को रोकने की, मगर उसने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा कर टक्कर मार दी। इससे शाहरूख अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास गिर गया। आरोप है कि, किसी तरह वह खड़ा हुआ तो तारिफ ने फिर से टक्कर मार दी। इससे शाहरूख दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच दब गया। घटना के बाद आरोपी तारिफ मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंचे परिजन शाहरूख को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
करते कार्रवाई तो बच जाता भाई
बीबीपुर निवासी मृतक के ताऊ के लड़के अरशद पोसवाल ने बताया कि उनकी गांव की ओर खनन के लिए ऑक्शन ही नहीं हुआ है। बावजूद इसके माफिया वहां से अवैध खनन करते हैं। इस बारे में उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस कार्रवाई करती तो शाहरूख हमारे बीच होता। वहीं, जमीन को लेकर वन विभाग से उनका विवाद कोर्ट में विचाराधीन है। खनन को लेकर वन विभाग को भी शिकायत दी थी, लेकिन उन्होंने भी कार्रवाई नहीं की।
हत्यारोपी को तत्काल गिरफ्तार करे पुलिस
कांग्रेस नेता सतपाल कौशिक ने एसएचओ से हत्यारोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। सतपाल कोशिक ने बताया कि शाहरूख की मौत प्रशासन और सरकार की लापरवाही से हुई। कौशिक का कहना था कि सरकारी आदेशों के अनुसार प्रदेश में खनन पर 30 जून से रोक लगा दी गई है। बावजूद इसके माफिया खनन कर रहे हैं। संबंधित विभाग चेकिंग तक नहीं करते। इससे माफिया के हौसले बुलंद हैं।
दबिश दे रहे हैं
सूचना मिलने पर मौके का मुआयना किया। घटनास्थल से सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से साक्ष्य भी जुटाए गए। मृतक शाहरूख के परिवार के जावेद के बयान पर तारिफ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। तारिफ फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सुभाष कुमार, एसएचओ, थाना बुडिय़ा।