संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर गांव नाचरौन निवासी पुष्पिंद्र राणा से 12 लाख रुपये ठग लिए। आरोप भाटली निवासी सुशील पर लगा है। आरोप है कि विदेश न भेजने पर जब पीड़ित ने आरोपी से रुपये मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत पुष्पिंद्र ने पुलिस को दी। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने मामले में आरोपी सुशील के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाचरौन निवासी पुष्पिंद्र राणा ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि एक दिन उसकी मुलाकात भाटली निवासी सुशील से हुई थी। सुशील ने उसे बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। यदि वह विदेश जाना चाहता है तो वह उसे ऑस्ट्रेलिया भेज सकता है। लेकिन इस पर 20 लाख रुपये खर्च आएगा। वह आस्ट्रेलिया जाने को तैयार हो गया। परंतु उसने एक साथ 20 लाख रुपये देने में असमर्थता जताई। जिस पर आरोपी ने कहा कि वह पहले 12 लाख रुपये दे दे, इसके बाद बकाया रकम दे देना। वह उसकी बातों में आ गया। इसके बाद उसने मई 2020 में 12 लाख रुपये आरोपी सुशील को दे दिए। इसके अलावा उससे दस्तावेज भी ले लिए।
सुशील ने उससे कहा कि अभी लॉकडाउन लगा हुआ है। कुछ दिन बाद वह उसे ऑस्ट्रेलिया भेज देगा। वह इससे सहमत हो गया। परंतु कई दिन बीतने पर भी उसे विदेश नहीं भेजा। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो सुशील ने उसे धमकी दी और रुपये लौटाने से भी मना कर दिया। इसकी शिकायत थाने में दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परेशान होकर उसने कोर्ट में याचिका लगाई। इसके बाद कोर्ट ने पुलिस को मामले में केस दर्ज करने के आदेश दिए। सेक्टर 17 थाना प्रभारी राकेश राणा का कहना है कि मामले में आरोपी सुशील पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई करेंगे।