संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लघु सचिवालय में मंगलवार को समाधान शिविर में 114 लोगों समस्याएं व शिकायतें लेकर पहुंचे। समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
शिविर डीसी कैप्टन मनोज कुमार की देखरेख में लगाया गया। शिविर में ज्यादातर लोग प्रॉपर्टी, आईडी, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, राशन वितरण, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे। शिविर में एडीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि शिविर से लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। लोगों को सभी विभागों से संबंधी समस्याओं व शिकायतों का एक जगह पर ही निदान मिल रहा है। इससे जहां लोगों को सुविधा हो रही है, वहीं विभागों का काम भी आसान हो रहा है।
इस दौरान खारवन निवासी सरोज व लौहारन गली निवासी अनिल कुमार का परिवार पहचान पत्र ठीक किया गया। यमुनानगर निवासी नंदनी का मौके पर पीला राशन कार्ड बनाया गया। चांदपुर की विजय कॉलोनी निवासी वहीदा की बुढ़ापा पेंशन बनाई गई। बाडी माजरा निवासी सोमनाथ व कैंप निवासी आदित्य का आधार कार्ड अपडेट किया गया। रोडछप्पर निवासी सविता का बीआर आंबेडकर आवास योजना के तहत मकान मरम्मत के लिए 80 हजार रुपये की ग्रांट दी गई। वहीं एसपी गंगाराम पूनिया ने पुलिस व अपराध संबंधित शिकायतों के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए।