यमुनानगर। दुष्कर्म की शिकार पांचवीं की 11 वर्षीय छात्रा ने बुधवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सामान्य प्रसव हुआ है और जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। नवजात के जन्म की सूचना मिलते ही चाइल्ड वेलफेयर कमेटी सीडब्ल्यूसी की टीम अस्पताल पहुंची और दोनों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। परिजनों ने नवजात बच्ची को सीडब्ल्यूसी के सुपुर्द करने पर सहमति जता दी है। वहीं, मामले में गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार पहले से ही न्यायिक हिरासत में है।
शिकायत के अनुसार 22 मई पीड़िता की मां ने छछरौली थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह क्षेत्र की एक दवा फैक्टरी में काम करती हैं। उनकी 11 वर्षीय बेटी कक्षा पांच की छात्रा स्कूल में अचानक बीमार हो गई। इस पर वे उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की पुष्टि की। यह सुनकर परिवार स्तब्ध रह गया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि सलेमपुर खादर निवासी राकेश कुमार जो फैक्टरी मालिक का चालक ने नवंबर 2025 में फैक्टरी के क्वार्टर में उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने इसके बारे में किसी को बताने पर जान से मारने और उसकी मां की नौकरी छुड़वाने की धमकी दी। इसी डर के कारण छात्रा चुप रही और आरोपी कई बार उसका शोषण करता रहा। पुलिस ने पॉक्सो समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मेडिकल जांच में सामने आया कि बच्ची सात माह के करीब गर्भवती थी, जिसके कारण गर्भपात संभव नहीं था। मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया और बुधवार सुबह उसने बच्ची को जन्म दिया। सीएमओ डॉ. जितेंद्र ने बताया कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। दो से तीन दिन के भीतर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। वहीं, सीडब्ल्यूसी की निगरानी में नवजात के संरक्षण और आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संवाद
-