यमुनानगर। एमएलएन कॉलेज में युवक पर रॉड से हमला करने के आरोप में पुलिस ने 11 लोगों को नामजद करते हुए अन्य पर केस दर्ज कर लिया है। घायल आमिर खान का आरोप है कि आरोपियों ने उनके सिर पर पिस्टल तान कर गोली मार जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
अकालगढ़ निवासी आमिर खान ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। छह अक्तूबर को एमएलएन कॉलेज के पास उसके दोस्त दौलतपुर निवासी तौसिफ की कार को लेकर लोप्पो निवासी सासवत की कहासुनी हो गई थी। उसने मौके पर ही दोनों को समझौता करवा दिया था लेकिन सासवत इस फैसले से संतुष्ट नहीं था। आरोपी ने उन्हें दोबारा झगड़ा करने की धमकी दी थी। इसके बाद वे अपने अपने घर चले गए थे। शुक्रवार को वह अपने दोस्त तौसिफ को लेने के लिए एमएलएन कॉलेज गया था। जब वह तौसिफ के साथ कॉलेज के बी कॉम ब्लॉक के पास पहुंचा तो सासवत ने अपने साथी कलेसर निवासी गुरमीत सिंह, चांदपुर निवासी रोहित मेहता, दड़वा निवासी शुभम, देवधर निवासी मनीष, पासंरा निवासी संगीत, शिवम, आयुष, दिशु, गुलाब नगर निवासी गौरव, फतेहगढ़ निवासी अक्षित के साथ मिलने उन पर लोहे के पाइप व डंडों से हमला कर दिया।
सिर में पाइप लगने से वह घायल हो गया। उसके दोस्त तौसिफ ने किसी तरह आरोपियों से बचकर अपनी जान बचाई। सिर में रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि इस दौरान चांदपुर निवासी रोहित मेहता ने पिस्टल निकालकर उस पर तान दी और गोली मारने की धमकी दी। स्टाफ को आता देखकर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसके दोस्त तौसिफ ने अन्य की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। शहर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह का कहना है कि मामले में 11 लोगों को नामजद करते हुए अन्य पर केस दर्ज कर लिया है।