संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था रोटरी क्लब की ओर से सांसद नवीन जिंदल को शहर के महाराणा प्रताप पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लगवाए जाने की मांग को लेकर पत्र भेजा गया था। इस पर सांसद नवीन जिंदल ने शहर के महाराणा प्रताप पार्क में 108 फीट का राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाने को लेकर मंजूरी दी है।
पार्क मेंं झंडा लगवाने को लेकर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की टीम ने सोमवार को पार्क का दौरा कर राष्ट्रीय ध्वज लगवाये जाने को लेकर जगह का चयन किया। इस दौरान रोटरी क्लब की ओर से मुख्य सलाहकार डॉ. एससी सैनी, उप प्रधान भारत माटिया, कोषाध्यक्ष मोहनलाल अरोड़ा, सचिव देवीदयाल अरोड़ा व अन्य सदस्य मौके पर मौजूद रहे।
इस दौरान फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की टीम ने बताया कि सांसद नवीन जिंदल के निर्देशानुसार 15 अगस्त से पहले इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। जिसके उपरांत स्थानीय लोग 15 अगस्त पर पार्क में ध्वजारोहण कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब की ओर से पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लगवाने की मांग सांसद नवीन जिंदल के समक्ष रखी थी।
इस पर सांसद नवीन जिंदल ने फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के मार्फत इस कार्य को पूरा करवाने का आश्वासन दिया था। इस अवसर पर रोटरी क्लब के प्रधान निर्मल सिंह, डॉ एससी सैनी, मोहनलाल अरोड़ा, भारत माटिया, सचिव मास्टर देवी दयाल, संदीप शर्मा, गुंजन अरोड़ा, संदीप टोपरा, संदीप अग्रवाल, बलिंद्र सिंह व नवीन जिंदल टीम के सदस्य मौजूद रहे।