संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विश्व रक्तदान दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन, स्माइल फाउंडेशन एवं हिंदू वाहिनी युवा के सहयोग से गांव नत्थनपुर में और नेशनल ब्लड बैंक ने गाबा अस्पताल में शिविर रक्तदान लगाया। दोनों जगहों में कुल 102 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ है। नत्थनपुर में 90 और गाबा अस्पताल में 12 लोगों ने रक्तदान किया।
नत्थनपुर में मुख्य अतिथि हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के सदस्य मुकेश गर्ग, अति विशिष्ट अतिथि जगाधरी डीएसपी राजेंद्र सिंह, वशिष्ठ अतिथि जगदीश चंद्र थाना प्रबंधक छछरौली रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। मुकेश गर्ग ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। इसकी एक-एक बूंद जीवन के लिए कीमती है। एक स्वस्थ मनुष्य को रक्तदान जरूर करना चाहिए।
वहीं डीएसपी राजेंद्र सिंह ने कहा कि कई बार हादसे में व्यक्ति का खून काफी बह जाता है, ऐसे में उस दौरान रक्तदान किया गया खून उसके काम आता है। इस मौके पर संजीव मेहता, आनंद इस्माइलपुर, विकास सैनी, अजय कुमार, अनिल कुमार, भूषण शास्त्री, अंकित मंडोली, ओंमकार देवधर, पंकज बेगमपुर, भारतीय किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रत्न सिंह, नेशनल ब्लड सेंटर से सतीश कुमार, जसबीर कौर, महक, आरती, नितिन आदि मौजूद रहे।