संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। कार्तिक मास में अन्नदान की परंपरा का निर्वहन करते हुए कपालमोचन मेले में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर सेवा कार्यों में योगदान दे रहे हैं। मेला क्षेत्र में 100 से अधिक स्थानों पर भंडारे लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को सुबह, दोपहर और शाम का भोजन निशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इसके अलावा चाय और पानी की व्यवस्था भी की गई है। भंडारों में अलग-अलग तरह के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। सेवादार भोजन बनाने से लेकर परोसने तक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पंजाब से आए संतों और श्रद्धालुओं की इन सेवा कार्यों में विशेष भागीदारी देखने को मिल रही है।
उदासीन पंचायती बड़ा अखाड़ा के महंत कृष्ण मुनि धुरी वाले भी 100 से अधिक सेवादारों की संगत के साथ 45 वर्ष से लगातार कपालमोचन मेले में सेवा करने पहुंच रहे हैं। महंत कृष्ण मुनि ने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने मेले में आना शुरू किया था, उस समय यहां की सभी सड़कें कच्ची थीं और बुनियादी सुविधाएं भी सीमित थीं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं में सेवा और आस्था का जज्बा हमेशा मजबूत रहा।
उन्होंने बताया कि पिछले 45 वर्षों से उनकी संगत हर साल मेले में पहुंचकर भंडारे और अन्य सेवा कार्यों में योगदान देती है। उनके लिए श्रद्धालुओं को भोजन करवाना केवल सेवा नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और पुण्य से जुड़ा कार्य है। मेले में जगह-जगह चल रहे भंडारे अन्नदान, आपसी भाईचारे और सामूहिक सेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
ऋणमोचन सरोवर की और जाती श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद