संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यमुना नहर पर रेलवे पुल को पार कर रहा 10 साल का बच्चा ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। जीआरपी ने बच्चे को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन के पास यमुना नहर पर बने रेलवे पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि 10-12 साल का एक बच्चा रेल लाइन से पुल पार कर रहा था। जिस समय वह पुल के बीच में पहुंचा, तभी पीछे से ट्रेन आ गई। ट्रेन ने हॉर्न दिया तो वह ट्रेन से बचने के लिए पटरियों पर ही दौड़ने लगा।
जब तक वह पुल को पार करता तब तक वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा को गई। लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी थाने के एसएचओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बच्चे की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले के जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि बच्चा आसपास की कॉलोनी कर रहने वाला लग रहा है। कॉलोनियों में उसकी शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।