यमुनानगर। नहर की सफाई करने वाले दो कर्मचारियों को एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। आरोपियों ने एक से 10 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। उनमें से एक कर्मचारी वहां से बचकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पर केस दर्ज कर लिया।
उत्तर प्रदेश के नरई चौराहा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शिवालिक कंस्ट्रक्शन कंपनी में पश्चिमी यमुना नहर की सफाई करने के लिए मोटर बोट( किश्ती) चलाता है। दो वर्ष से वह कंपनी में नौकरी कर रहा है।
उसके साथ चचेरा भाई दीपक भी दो माह से कार्य कर रहा है। यहां पर वह पश्चिमी यमुना नहर के किनारे टेंट लगाकर उसमें लेबर सहित रते हैं। उनकी किश्ती की पेट्रोल टंकी की प्लेट खराब हो गई थी। जिसे ठीक कराने के लिए वह रिक्शा में लेकर खजूरी मोड के पास दुकान पर आए थे। पेट्रोल टंकी की प्लेट को ठीक कराकर वापस लौट रहे थे। जब वह शाम को मछली मार्केट के पास पहुंचे तो वह दोनों सब्जी लेने लगे।
जबकि रिक्शा वाला पेट्रोल टंकी लेकर आगे निकल गया। जब वह सब्जी लेकर भारत टिंबर प्लाई फैक्टरी से थोड़ा आगे नहर की पटरी पर पहुंचे तो वहां पर एक एक्टिवा पर तीन युवक बैठे हुए थे। उनमें से एक युवक ने उनसे बीड़ी मांगी।
तभी दूसरे दोनों लड़कों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जेब से 10 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिए। इस दौरान दीपक किसी तरह से भाग निकला। जिससे उसके रुपये व मोबाइल बच गए। दीपक जब तक अन्य साथियों को लेकर पहुंचता, बदमाश वहां से भाग निकले थे। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने वीरेंद्र की शिकायत पर केस दर्ज किया।