संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया का शनिवार को अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन दाखिला लेने काफी विद्यार्थी आईटीआई पहुंचे। इस दौरान ओपन काउंसलिंग के अंतिम दिन काफी विद्यार्थी दाखिला लेने पहुंचे। अंतिम दिन कुल 22 सीटों के लिए प्रक्रिया चलाई गई। इस दौरान कुल 12 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया।
प्रक्रिया के लिए दोपहर 12 बजे तक विद्यार्थियों के मेरिट कार्ड लिए गए। इसके बाद अंतिम कट ऑफ लिस्ट जारी की गई। लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को मौके पर ही दाखिला दिया गया। वहीं, अभी तक मुख्यालय की ओर से अंतिम तिथि बढ़ाने संबंधी कोई अधिसूचना जारी नहीं की है।
जिले की सबसे बड़ी व पुरानी आईटीआई में अंतिम दिन दाखिला लेने विद्यार्थी पहुंचे। अंतिम दिन होने के कारण विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा रही। परंतु पसंदीदा ट्रेड में सीट न होने से विद्यार्थियों को निराशा हुई। ऐसे में अधिकांश विद्यार्थियोंं ने आवेदन नहीं किए। इस दौरान करीब 25 विद्यार्थियों ने आवेदन किया। जिसके बाद दोपहर करीब एक बजे कट ऑफ लिस्ट जारी की गई, जिसमें 20 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई।
पसंद की ट्रेड में नंबर न आने के कारण आठ ने आवेदन रद्द कर दिया। वहीं 12 को मौके पर दाखिला दे दिया गया। इसके बाद अब आईटीआई की कुल 10 सीट खाली बची हैं। अभी मुख्यालय की ओर से दाखिला तिथि बढ़ाई नहीं है। यदि तिथि नहीं बढ़ाई जाती तो यह सीटें खाली रह जाएंगी।
शुक्रवार की प्रक्रिया के बाद आईटीआई की कुल सात ट्रेड्स में 27 सीटे खाली थी। इनमें पांच सीटें ऐसी थी, जिस पर दाखिला हो चुका था, लेकिन विद्यार्थियों ने फीस जमा नहीं करवाई थी। शनिवार को इन विद्यार्थियों ने फीस जमा करवा दी, जिस पर यह सीटें रिक्त सूची से हटा दी। इसके बाद कुल 22 सीटें खाली रह गई थी। अंतिम दिन की प्रक्रिया में 22 में से 12 विद्यार्थियों को दाखिला दे दिया गया।
नोडल आईटीआई में सबसे ज्यादा ट्रेड्स व यूनिट हैं। यही कारण है कि विद्यार्थी इस संस्थान में दाखिला लेना पसंद करते हैं। इस आईटीआई में 32 ट्रेड्स की कुल 83 यूनिट हैं। सभी ट्रेड्स व यूनिट में कुल 1348 सीटें हैं। इसके लिए चार चरण में ऑनलाइन प्रक्रिया की गई। ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद करीब 400 सीट खाली रह गई थी। जिसके लिए 13 अगस्त से ओपन काउंसलिंग की जा रही थी। ओपन काउंसलिंग में रिक्त 390 सीटें भर गई और 10 सीटें शेष हैं। यह सीटें फाउंड्रीमैन ड्यूल ट्रेड में खाली हैं। इस ट्रेड में कुल 48 सीटें हैं, जिसमें से 38 पर दाखिला हो चुका है और 10 सीटें अभी खाली हैं।
आईटीआई में शनिवार को अंतिम दिन की प्रक्रिया के लिए ओपन काउंसलिंग की गई। ओपन काउंसलिंग के बाद 22 में से 12 सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला दे दिया गया। इसके बाद अब मात्र 10 सीटें खाली हैं। यह फाउंड्रीमैन ड्यूल ट्रेड में खाली हैं। अभी मुख्यालय की ओर से दाखिला तिथि बढ़ाने संबंधी निर्देश नहीं मिले हैं। - दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य आईटीआई।