संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। टोडरपुर के पास सात माह पहले युवक से मारपीट करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने अब 10 लोगों को नामजद करते हुए 10-12 अन्य पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर टोडरपुर निवासी राजुल की शिकायत पर की। टोडरपुर निवासी राजुल ने बताया कि 22 अगस्त 2023 की शाम को वह टीटी प्लाई बोर्ड फैक्ट्री के पास चाय पी रहा था। उस समय उसके दादा ताहिर भी फैक्ट्री के नजदीक टहल रहे थे। तभी टोडरपुर की ओर से तीन-चार कारों में टोडरपुर निवासी इंतजार, शाहरुख, अमीर खान, हुसैन, बाबत, सादिक, रिजवान, बिलाल, शादी निवासी असजद उर्फ जद्दू व 10-12 अन्य व्यक्ति आए। आरोपियों के हाथों में तलवार, रॉड, डंडे व अवैध हथियार थे। आते ही आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सिर में तलवार, रॉड व डंडों से वार किए। जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर जब उसके दादा व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उसके दादा ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उन्होंने अदालत में याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने अब मामले में दस आरोपियों को नामजद करते हुए 10-12 अन्य पर केस दर्ज किया है।