सदर पुलिस की टीम ने अवैध रूप से कार में शराब ले जा रहे युवक को गिरफ्तार किया है। कार से 10 पेटी (120 बोतल) शराब बरामद की गई। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि सभापुर निवासी भूषण कुमार अपनी क्रेटा कार में शराब की पेटियां लोड करके जगाधरी की तरफ से बहरामपुर की तरफ आ रहा है। इस सूचना पर एक टीम का गठन कर बहरामपुर चौक के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद एक कार आती दिखाई दी। कार को रुकवा कर जब उसकी ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम भूषण बताया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से अवैध शराब की 10 पेटी बरामद हुई। बरामद शराब का कोई लाइसेंस व परमिट नहीं दिखा सका। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की। इसी प्रकार अपराध शाखा - 2 की टीम ने गांव गुमथला राव से एक घर से 40 लीटर लाहन (कच्ची शराब) बरामद की। आरोपी घर पर हाजिर नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।