यमुनानगर। हरियाणा रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मचारी हरी नारायण शर्मा का डेबिट कार्ड बदलकर दो बदमाशों ने उनके खाते से एक लाख 15 हजार रुपये निकाल लिए। शर्मा का डेबिट कार्ड 13 अगस्त को गंगा राम पेट्रोल पंप के नजदीक स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ में दो युवकों ने बदला था। खाते से रुपये निकलने का पता चलने सेवानिवृत कर्मचारी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोती बाग त्यागी गार्डन निवासी हरी नारायण शर्मा ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हरियाणा रोडवेज से रिटायर्ड कर्मचारी है। 13 अगस्त की शाम करीब साढ़े छह बजे वह गंगा राम पेट्रोल पंप गोविंदपुरी के नजदीक स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने गया था। एटीएम बूथ के अंदर जाकर जब वह एटीएम से रुपये निकाल रहा था तो बूथ में उसके पीछे दो व्यक्ति और आ गए। रुपये निकालते समय आरोपियों ने उससे बातचीत शुरू की। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने उससे बातचीत करते समय उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। इसके बाद वह घर आ गया। रात 8.18 बजे उसके मोबाइल पर उसके खाते से आठ हजार रुपये निकलने का संदेश आया। इसके तुरंत बाद दस हजार रुपये और निकलने का संदेश आया। जब उसने अपने बैंक अकाउंट का बैलेंस चेक किया तो उसके खाते से एक लाख 15 हजार रुपये गायब मिले। जब उसने अपना डेबिट कार्ड चेक किया तो वह रहमतुन निशा के नाम का एटीएम था। आरोप है कि एटीएम बूथ में मिले दो अज्ञात व्यक्तियों ने ही उसका डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से एक लाख 15 हजार रुपये निकाले हैं। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की छानबीन की, लेकिन आरोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया, गांधी नगर थाना प्रभारी सुभाष का कहना है कि हरी नारायण शर्मा की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।