हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव अगिहार में रविवार की रात 10 बजे एक गाड़ी बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई। गाड़ी टकराने के बाद जबरदस्त धमाके के साथ ट्रांसफार्मर की टंकी गाड़ी के बोनट पर आ गिरी और देखते ही देखते गाड़ी में आग लग गई। एक के बाद एक लगातार चार धमाकों से पूरा गांव दहल उठा।
ग्रामीणों द्वारा पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस को सूचना दी गई। करीब आधे घंटे बाद गाड़ी पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस और दमकल भी मौके पर पहुंची। ट्रांसफार्मर गाड़ी के ऊपर गिरने से लगी आग के बाद ग्रामीण भी समझ नहीं पाए कि गाड़ी के अंदर कोई है या नहीं।
हालांकि बाद में पता चला कि चालक और कार सवार अन्य सुरक्षित बाहर निकल चुके थे। गाड़ी में हनुमान सिंह, उसका बेटा कमल और गांव का ही युवक सवार था। गाड़ी गांव के ही हनुमान सिंह की थी। रात के समय दरौंदा रोड से गांव में आया था।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं कनीना सदर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।