तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार हरियाणा के जिला सिरसा के नाथूसरी चोपटा के रहने वाले चाचा-भतीजे नोहर फीडर (नहर) में जा गिरे।
दोनों के शव शनिवार को घटनास्थल से दो किमी दूर नहर से गोताखोरों की मदद से निकाला गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जीप को कब्जे में ले लिया है।
गांव लुदेसर निवासी 30 वर्षीय धर्मपाल अपने भतीजे 15 वर्षीय उमेद उर्फ खन्ना के साथ शुक्रवार को सिरसा गया था।
रात करीब आठ बजे जब वे बाइक पर गांव लौट रहे थे तो नोहर फीडर के पुल के पास सामने से आ रही जीप ने टक्कर मार दी।
इससे बाइक अनियंत्रित होकर नहर की पटरी पर और चाचा-भतीजा नहर में जा गिरे। जीप चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन चालक ने हादसे की सूचना गांव में दी। पुलिस और ग्रामीण रातभर नहर में चाचा-भतीजे की तलाश करते रहे।
शनिवार को दोपहर 12 बजे पुल से करीब दो किलोमीटर दूर दोनों के शव मिले। हादसे को अंजाम देने वाला जीप चालक गांव रूपाणा खुर्द का बताया गया है।