जोहड़ में डूबने से दो नाबालिगों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
नारनौल के अटेली क्षेत्र के गांव घड़ी (खारीवाडा) के जोहड़ में नहाने उतरे दो नाबालिगों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार की टीम, दमकल विभाग के कर्मी व ग्रामीण शवों को बहार निकालने में जुट गए, लेकिन गोताखोरों के अभाव में काफी देर बाद एक युवक का शव मिल सका। इसके बाद दूसरे युवक का शव करीब साढे 4 बजे मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव घड़ी निवासी 15 वर्षीय गौरव और 16 वर्षीय प्रेम प्रकाश गांव के ही जोहड़ में दोपहर करीब एक बजे नहाने के लिए गए थे, लेकिन उनको क्या पता था कि यह पानी उन पर काल बनकर टूटेगा। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रकाश को तैरना कम आता था, जब अधिक पानी के कारण वह डूबने लगा तो गौरव उसे बचाने के प्रयास कर रहा था।
लेकिन दोनों ही पानी में डूब गए। गांव के दो युवकों की दर्दनाक मौत के कारण गांव में माहौल गमगीन बना हुआ है। यह दोनों युवक दसवीं कक्षा के छात्र थे। प्रेम प्रकाश राजकीय उच्च विद्यालय घड़ी में पढ़ता था, वहीं दूसरा युवक गौरव इंडस वैली दौंगड़ा अहीर में शिक्षा ग्रहण कर रहा था।
बताया जा रहा है कि यह जोहड़ नहरी पानी से जुड़ा हुआ है साथ ही बरसात के कारण पानी की गहराई करीब 20 से 25 फीट है। करीब तीन बजे प्रेम प्रकाश का शव निकाल लिया गया था, इसके बाद करीब साढे चार बजे गौरव का शव मिला। इन दोनों शवों को पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एक ही गांव के दो युवकों की मौत होने से गांव में मातम पसरा हुआ है।
बता दें कि दो दिन पहले भी नारनौल में एक युवक की तालाब में नहाते समय डूबने से मौत हो गई थी। जिसका शव 14 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को बरामद किया था। अब दो दिन बाद दो नाबालिगों की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई हैं।