पिंजौर के कौशल्या नदी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चंडीगढ़ से आई एक टेंपो ट्रैवलर नदी के तेज बहाव में फंस गई। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में करीब 10 से 12 लोग सवार थे जिसमें बच्चे भी सवार थे। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते पहाड़ी नदियों में पानी का बहाव काफी बढ़ गया है। इसी बीच यह परिवार कौशल्या नदी के शिवलोतरी साइड पहुंचा था, जहां अचानक तेज पानी के बीच टेंपो ट्रैवलर फंस गई।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परिवार दर्शन के लिए गया था या घूमने के मकसद से इस क्षेत्र में पहुंचा था। घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर पुलिस की टीम, पुलिस की ईआरवी गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ लोगों को टेंपो ट्रैवलर से सुरक्षित बाहर निकालकर गांव दमदमा के रास्ते पैदल ऊपर पहुंचाया गया जबकि कुछ लोगों को पानी के तेज बहाव के बीच रास्ता बनाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई और बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल इस घटना का वीडियो सामने आया है, जो साफ तौर पर बता रहा है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों के तेज बहाव के बीच थोड़ी सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है।