गोहाना। दुकान का शटर बंद कर रहे दुकानदार के पैसों का बैग लेकर बाइक सवार दो युवक भाग गए। बैग में करीब 1.10 लाख रुपये थे। दुकानदार राधेश्याम ने पुलिस को दी वारदात की शिकायत में बताया कि वाल्मीकि चौक के नजदीक उनकी दुकान है। वह कपड़े व नोटों की माला बेचने का काम करने हैं। रात वह करीब 8.17 बजे दुकान बंद कर रहे थे तो दुकान के पैसे व नोटों की माला एक बैग में डाली हुई थी। शटर बंद करने के दौरान उसने बैग शटर के पास रखा दिया था। इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। युवकों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। उनकी बाइक पर नंबर भी नहीं लिखा था। युवक शटर के पास रखे बैग को उठाकर भाग गए। इसके बाद उन्हें होश नहीं रहा। वह घर गए तो परिवार के सदस्यों ने बैग के बारे में पूछा। इसके बाद वह परिवार के सदस्यों के साथ थाना में शिकायत दर्ज करवाने गए। राधेश्याम का कहना है कि दुकान में चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इसके चलते ही वह नोटों की माला व नकदी को अपने साथ घर लेकर जाते थे। अब चोर शटर बंद करने के दौरान नोटों का बैग लेकर ही भाग गए। संवाद