गांव नाहरी निवासी मंजीत सिंह ने कुंडली थाना की बारोटा चौकी पुलिस को बताया कि उनके दो किरायेदारों अर्जुन और बबलू के बीच कुछ दिनों पहले कहासुनी हो गई थी। गुरुवार रात को बबलू ने अपने साथी के साथ मिलकर अर्जुन पर हमला कर दिया।
कुंडली थाना क्षेत्र के लामपुर बॉर्डर पर स्थित किराये के कमरे में रहने वाले युवक पर उसके पड़ोसी किरायेदार ने अपने साथी संग मिलकर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मकान मालिक के बयान पर पड़ोसी किरायेदार व उसके साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। बिहार से मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
विज्ञापन
गांव नाहरी निवासी मंजीत सिंह ने कुंडली थाना की बारोटा चौकी पुलिस को बताया कि उन्होंने गांव में लामपुर बॉर्डर के पास किराये के कमरे बना रखे हैं। उनके एक कमरे में बिहार के जिले सहरसा के गांव खम्हौती निवासी अर्जुन राम किराये पर रहते थे। उनके साथ ही दूसरे कमरे में उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव दोघट निवासी बबलू भी अपनी पत्नी के साथ रहता है। बबलू और अर्जुन राम के बीच कई दिन पहले कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। जिसका पता लगने पर उन्होंने उनका समझौता करा दिया था। उसके बाद भी वह रंजिश रखे थे।
आरोप है कि बबलू के कमरे पर दो दिन से उसका दोस्त बिट्टू भी आया हुआ था। रात करीब साढ़े 10 बजे बबलू और बिट्टू ने पुरानी रंजिश के चलते अर्जुन राम पर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। उसके सिर पर कई वार किए गए। सूचना पाकर मंजीत ग्रामीणों के साथ वहां पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान अर्जुन राम ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद से बिट्टू और बबलू मौके से भाग गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
गांव नाहरी में कबड्डी नर्सरी के प्रशिक्षक पर जानलेवा हमला, पीटकर किया घायल
सोनीपत के गांव नाहरी में रंजिश के चलते कबड्डी नर्सरी के प्रशिक्षक पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया गया। इस दौरान उन पर गोली भी चलाई गई। गोली से बचने को वह झुक गए और गोली अभ्यास करने आए एक 17 वर्षीय खिलाड़ी की बाजू को छूकर निकल गई। जिससे वह भी घायल हो गया। इस दौरान आरोपी युवक के साथी को भी गोली लगी है। तीनों घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल प्रशिक्षक के बयान पर एक नामजद सहित अन्य पर हत्या की कोशिश तथा दूसरे पक्ष से घायल युवक की मां के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
गांव नाहरी निवासी सुमित कुमार ने कुंडली थाना की बारोटा चौकी पुलिस को बताया कि वह गांव में आदर्श युवा खेल एवं विकास समिति द्वारा चलाई जा रही कबड्डी नर्सरी में प्रशिक्षक हैं। वह गुरुवार देर शाम प्रशिक्षण देने के लिए कम्यूनिटी हाल में गए थे। रात को अचानक 10-12 हथियारबंद युवक वहां पर पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने पिस्तौल की बट, डंडे और रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जब वह बचकर भागने लगे तो एक हमलावर ने गोली चला दी। गोली से झुककर बच गए, लेकिन गोली वहां अभ्यास करने आए गांव के हर्ष (17) को छूकर निकल गई। उसने देखा कि हमलावरों में उनके गांव का रितिक उर्फ भोला व अन्य थे। गांव में गुरुवार को बाजार लगता है। ऐसे में गोली चलने की आवाज सुनकर लोग नर्सरी की तरफ भागे तो हमलावर वहां से भाग गए। आसपास के लोगों ने घायल प्रशिक्षक और खिलाड़ी को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।
वहीं दूसरे पक्ष से घायल युवक की मां ने भी मुकदमा दर्ज कराया है। मूलरूप से गांव जाटी कलां फिलहाल दिल्ली के नरेला निवासी नीलम ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उनका बेटा साहिल गुरुवार देर शाम गांव नाहरी आया था। उसने बताया था कि वह अपने दोस्त रितिक से मिलने जा रहा है। रात को राहुल नाम के युवक ने घर आकर सूचना दी कि साहिल घायल हो गया है। वह अपने दूसरे बेटे को लेकर अस्पताल में पहुंची, जहां पर साहिल गोली लगने से घायल होकर अस्पताल में भर्ती था। उनके बेटे को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जिस पर उन्होंने अपने बेटे को सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके बेटे को अज्ञात ने गोली मारकर घायल किया है। पुलिस ने नीलम के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है।