खरखौदा। सोनीपत मार्ग पर कैंटर पलटने पर मदद के लिए पहुंचा युवक भी हादसे का शिकार हो गया। उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खरखौदा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
खरखौदा के वार्ड- 1 निवासी कपिल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे उन्हें सोनीपत मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में भाई गौतम के घायल होने की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे तो भाई गौतम घायल अवस्था में था। उसने बताया कि यहां पर एक कैंटर पलट गया था। ऐसे में वह अपने साथी के साथ मदद के लिए रुक गए थे। वह कैंटर को सीधा करवा ही रहे थे कि इसी दौरान एक चालक तेज रफ्तार से अपनी बाइक चलाते हुए आया और टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गए। बाइक चालक गांव झरोठ का निवासी है। वह भाई को लेकर पीजीआई रोहतक पहुंचे जहां गौतम ने शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।