गांव राठधना के पास कार-बाइक की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को देखते लोग।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। राठधना के पास कार की टक्कर से बाइक सवार दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल के बेटे के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव जठेड़ी निवासी बलवान सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर गांव जठेड़ी से लिवान गए थे। उनके साथ उनका दोस्त गांव बढ़मलिक निवासी श्रीनिवास भी था। जब दोनों बाइक पर लिवान से राठधना की तरफ जा रहे थे। राठधना के पास उनकी बाइक को नरेला से आए कार सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बलवान व श्रीनिवास बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। दोनों घायलों को राहगीरों ने एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है। सदर थाना पुलिस ने बलवान सिंह के बेटे कपिल के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार व बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।