सोनीपत। संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) को नकल रहित कराने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में बनाए गए 41 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन करीब 31 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के कारण सभी निजी व राजकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। परीक्षा के बेहतर संचालन के लिए समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की तरफ से भी ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। जिला उपायुक्त ललित सिवाच ने बताया कि यह ऑब्जर्वर हरियाणा से बाहर के ही होंगे।
शनिवार को पहली पाली में 15800 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उपायुक्त ने कहा कि कुछ अभ्यर्थियों का ई-ग्रास पर फीस का भुगतान वेरिफाइड दिखा रहा है, लेकिन तकनीकी कारणों से उनकी फीस का स्टेटस हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के डाटाबेस में दर्ज नहीं हो पाया है। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए प्रोविजनल एडमिट कार्ड देने के लिए परीक्षा केंद्रों पर अलग से काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। अभ्यर्थी अपने साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं, उनकी पहचान सत्यापित करने के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्रों में जाने की अनुमति दी जाएगी। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर अपनी शिफ्ट के समय से 1 घंटा पहले पहुंचे, ताकि उन्हें प्रोविजनल एडमिट कार्ड जारी किए जा सकें।
बाक्स
देना होगा स्वघोषित घोषणा पत्र
दिव्यांग अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर स्वघोषित घोषणा प्रोफार्मा दिया गया है। जिस अभ्यर्थी को स्क्राइब (पेपर लिखने वाला व्यक्ति) की सुविधा की आवश्यकता है, वह इस प्रोफार्मा को भरेंगे। ऐसे अभ्यर्थी अपने साथ ऐसे व्यक्ति को लेकर आएंगे, जो उससे न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता रखता होगा। स्क्राइब को अपने साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी परीक्षा संबंधी किसी समस्या के समाधान के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के टोल फ्री नंबर- 18005728997 पर कॉल कर सकते हैं।
साढ़े आठ बजे से परीक्षा केंद्र में मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 से 9:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इसी प्रकार सायंकालीन सत्र में परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बाक्स
अभ्यर्थियों को इन निर्देशों का करना होगा पालन
-अभ्यर्थियों को एनटीए वेबसाइट से डाउनलोड विधिवत भरा हुआ स्व घोषणा पत्र व एडमिट कार्ड लेकर जाना होगा।
-आवेदन पत्र पर चस्पा फोटो के समान ही दो एक जैसी रंगीन फोटो लेकर जानी होगी
-वास्तविक वैध पहचान पत्र लेकर जाना होगा।
-अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर ही पेन दिया जाएगा, बाहर से पेन साथ लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी।
-परीक्षा के समय निरीक्षक की उपस्थिति में एडमिट कार्ड पर उचित स्थान पर हस्ताक्षर व अंगूठे का निशान लगाना होगा।
-परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार के उपकरण, पेन, पेंसिल, मोबाइल फोन, घड़ी, बेल्ट, अंगूठी, चेन झूमके सहित अन्य आभूषण ले जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।
परीक्षा को लेकर धारा 144 लागू
उपायुक्त ललित सिवाच ने परीक्षा केंद्रों की परिधि में धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र की 500 मीटर की परिधि में पांच या इससे अधिक व्यक्ति इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी। 500 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
जिले में यहां बनाए गए परीक्षा केंद्र
संयुक्त पात्रता परीक्षा को लेकर जिले में 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मामचंद पब्लिक स्कूल, दिल्ली विद्यापीठ, ऋषिकुल विद्यापीठ, जेपी जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऋषिकुल वर्ल्ड अकादमी, जानकी दास कपूर पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिक्षा संस्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दीनबंधू छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल, श्रीजी इंटरनेशन स्कूल, जैन विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा, जीवीएम कन्या महाविद्यालय मुरथल रोड, डीएवी मल्टीपर्पज पब्लिक स्कूल सेक्टर-15, गेटवे इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-11, ब्राइट स्कॉलर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10, सनराइज इंटरनेशनल स्कूल नजदीक टीडीआई सीटी कुंडली, सत्यम मार्डन पब्लिक स्कूल न्यू ब्रह्म कॉलोनी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन, गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोहाना रोड, मालवीय शिक्षा सदन पुराना गोहाना रोड, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन, हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू कोर्ट रोड, हिंदू कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, नवयुग पब्लिक स्कूल पुराना रोहतक रोड, शिवा शिक्षा सदन देव नगर, आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठ मंडी, हिंदू विद्यापीठ काठ मंडी, हिंदू कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठ मंडी, हिंदू कॉलेज ओल्ड रोहतक रोड, हिंदू कालेज ऑफ एजुकेशन नजदीक हिंदू ब्वॉयज कॉलेज, डीसी जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल महलाना रोड, विकास शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल ककरोई रोड, विवेकानंद पब्लिक नजदीक स्कूल सेक्टर 23, लिटिल एंजल स्कूल राठधना रोड, दी गोल्डन ऐरा पब्लिक स्कूल राठधना रोड, मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल गांव चिरस्मी गन्नौर, जनता सीनियर सेंकेडरी स्कूल गन्नौर, रौनक पब्लिक स्कूल गन्नौर, सीसीएएस जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल जीटी रोड गन्नौर, बीआर ग्लोबस स्कूल खेड़ रोड गन्नौर शामिल हैं।
वर्जन
संयुक्त पात्रता परीक्षा को लेकर जिले में 41 केंद्र बनाए गए हैं। नकल या पेपर लीक की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए इस बार चेहरा प्रमाणीकरण के माध्यम से अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापित की जाएगी। पहचान सत्यापित न होने पर परीक्षा केंद्रों में नहीं जाने दिया जाएगा। -ललित सिवाच, उपायुक्त, सोनीपत