गोहाना। थाना शहर पुलिस टीम ने अवैध हथियार (चाकू) के साथ हर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बैंयापुर गांव का रहने वाला है। पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि 15 अगस्त को सहायक उप निरीक्षक संदीप पुलिस टीम के साथ सोनीपत गोहाना रोड पर गश्त कर रहे थे। पुलिस को एक युवक के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और संदेह के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली। युवक के पास एक खुखरी नुमा चाकू मिला। अवैध हथियार रखने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने युवक को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।