खरखौदा। गांव खांडा स्थित एक ईंट भट्ठे के पास से सीआईए-1 की टीम ने युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलरूप से पश्चिम बंगाल फिलहाल गांव खांडा निवासी सादिक है। पुलिस ने खरखौदा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सीआईए-1 में नियुक्त एएसआई अनिल की टीम को सूचना मिली थी कि खांडा में एक युवक मादक पदार्थ बेचता है। वह गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर युवक वापस मुड़ गया। जिसे पकड़ कर उसका नाम-पता पूछा गया तो उसने अपनी पहचान पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर जिले के गांव भोदरोकाली फिलहाल गांव खांडा निवासी सादिक के रूप में दी। युवक की ड्यूटी मजिस्ट्रेट आईएमटी के संपदा अधिकारी मंजीत की मौजूदगी में तलाशी ली तो उसके पास से एक किलो 70 ग्राम गांजा बरामद हुआ। उसने बताया कि वह दिल्ली के नरेला से 22 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।