सोनीपत के बहालगढ़ में स्थित साई केंद्र। संवाद
राई। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उत्तरी भारतीय केंद्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी में चयन के लिए पहलवानों के 20-21 फरवरी को ट्रायल लिए जाएंगे। इसके लिए अंडर-15, अंडर-17, अंडर-20 और अंडर-23 आयु वर्ग में चयन के लिए ट्रायल होंगे। चयनित पहलवान साई केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ अभ्यास करेंगे।
साई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी (उत्कृष्टता केंद्र) में चयनित होने वाले पहलवान को यहां वातानुकूलित हॉस्टल की सुविधा मिलेगी, साथ ही संतुलित आहार, अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, खेल किट व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन के लिए वहां आने-जाने के खर्च की सुविधा दी जाएगी। मुख्य प्रशिक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि फ्रीस्टाइल व ग्रीको रोमन वर्ग में चयन के लिए पहलवान का भार 50 किलो व उससे अधिक होना चाहिए। प्रतियोगिता में चयन के लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के पदक विजेता, सीनियर नेशनल, जूनियर नेशनल व सब जूनियर नेशनल में पहले पांच स्थान प्राप्त कर चुके पहलवान भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही नेशनल रैंकिंग प्रतियोगिता में पहले पांच स्थान पर रहे पहलवान, खेलो इंडिया यूथ गेम्स व विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता के पदक विजेता भी ट्रायल में भाग ले सकेंगे।
यह कागजात लाने होंगे
मुख्य प्रशिक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि ट्रायल के लिए पहलवानों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धि के प्रमाण पत्र, शिक्षा के प्रमाण पत्र व दो फोटो लेकर आने होंगे।