सोनीपत। अंडर-20 विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में जिले के पहलवान देश की झोली में पदक डालने को तैयार हैं। प्रतियोगिता के फ्रीस्टाइल वर्ग में भाग लेने के लिए भारतीय दल मंगलवार को रवाना हुआ। भारतीय दल में जिले के तीन पहलवान शामिल हैं। देशवासियों को भी पहलवानों से पदक जीतने की उम्मीद है।
विश्व कुश्ती प्रतियोगिता 2 से 8 सितंबर तक स्पेन के पोंटेवेद्रा शहर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए फ्रीस्टाइल वर्ग के पहलवान मंगलवार देर रात को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुए। भारतीय दल में जिले के तीन पहलवान गौरव, अमित छिक्कारा व सचिन शामिल हैं। प्रतियोगिता के 74 किलो भार वर्ग में गांव सेवली निवासी गौरव पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वह रायपुर अखाड़ा में अभ्यास करते हैं, प्रशिक्षक कुलदीप ने बताया कि गौरव से पदक की उम्मीद है। गांव जुआं के पहलवान अमित छिक्कारा 79 किलो भार वर्ग में प्रतियोगिता में भाग लेंगे। अमित ने पिछले दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को दो पदक दिलवाए हैं।
प्रशिक्षक पहलवान संजीत ने बताया कि अमित ने दो प्रतियोगिताओं में कांस्य पदक जीता था। इस बार अमित का मनोबल बेहतर है, अमित ने कड़ा अभ्यास किया है। अमित ने कहा है कि इस बार वह जी जान लगाकर देश के लिए सोना जीतकर लाएंगे। उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान अमित ने अपनी पिछली प्रतियोगिताओं में हुई कमियों में सुधार किया है। जिससे वह प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार हैं। गांव रिढ़ाऊ के पहलवान सचिन 86 किलो भार वर्ग में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे।
भारतीय दल का फ्रीस्टाइल वर्ग :
- अंकुश (57 किलो, दिल्ली), भुवनेश (61, भिवानी, हरियाणा), पिलानागोलिया (65, तेलंगाना), निलेश (70, तेलंगाना), गौरव (74, सोनीपत, हरियाणा), अमित (79, सोनीपत, हरियाणा), सचिन (86, सोनीपत, हरियाणा), अमित (92, दिल्ली), साहिल जागलान (97, पानीपत, हरियाणा), जसपूरण सिंह (125 किलो, पंजाब)।