राई। कुंडली स्थित खिलौना फैक्टरी में झिरी मशीन पर काम कराने के चलते श्रमिक के हाथ अंगुली कट गई थी। श्रमिक ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर पांच माह बाद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव बावली निवासी सूरज ने मुख्यमंत्री के नाम भेजी शिकायत में बताया कि वह कुंडली स्थित खिलौना फैक्टरी में हेल्पर के पद पर काम करता था। वहां पर 28 सितंबर, 2023 में सुपरवाइजर व मैनेजर ने जबरन उन्हें झीरी काटने वाली मशीन पर कार्य करने के लिए कहा था। तब उसने मशीन पर काम करने से मना कर दिया था। सूरज का आरोप है कि उसके साथ जबरदस्ती कर मशीन पर कार्य करने के लिए लगा दिया। उसे मशीन पर काम करना नहीं आता था। मशीन में झटका लगते ही उनके दाएं हाथ की दो अंगुलियां कट गई थी। इसमें से एक तो अलग हो गई थी। आरोप है कि जब वह दर्द से चिल्लाने लगा तो सुपरवाइजर व मैनेजर और एक अन्य ने उन्हें धमकाकर हाथ पर कपड़ा बांधने को कहा। उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। बाद में उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। कंपनी की तरफ से उन्हें वेतन के साथ-साथ दवा का खर्च देने का आश्वासन दिया था। अब कंपनी की तरफ से कोई सहयोग नहीं दिया जा रहा है। जिसके बाद मुख्यमंत्री हरियाणा को शिकायत दी। अब इस मामले में कुंडली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।