सोनीपत। खरखौदा में अधिवक्ता की पिटाई के मामले में पुलिस की तरफ से कार्रवाई नहीं होने पर बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड रखा। इस दौरान मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की गई। शुक्रवार को भी वर्क सस्पेंड रखने की कॉल की गई। उधर, वर्क सस्पेंड रहने से मुव्वकिलों को परेशानी हो रही है। वह बिना काम कराए लौट रहे हैं।
सोनीपत जिला बार एसोसिएशन ने खरखौदा में अधिवक्ता गौरव शर्मा से पिटाई के मामले में पुलिस की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर वर्क सस्पेंड कर रखा है। बार एसोसिएशन खरखौदा के प्रधान कमल शर्मा ने सोनीपत बार एसोसिएशन से सहयोग मांगा था। खरखौदा बार ने अधिवक्ता गौरव शर्मा के लिए पुलिस सुरक्षा व उनसे मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वर्क सस्पेंड कर रखा है। उनके आह्वान पर वीरवार को सोनीपत बार ने वर्क सस्पेंड रखा। प्रधान अनिल ढुल का कहना है कि वकीलों के साथ अन्याय किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। खरखौदा एसोसिएशन के आह्वान पर अब शुक्रवार को भी वर्क सस्पेंड रखा जाएगा।