सोनीपत। जम्मू के कटरा में वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस ट्रेन से दिल्ली लौट रही महिला श्रद्धालु का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला ने मामले की शिकायत राजकीय रेलवे पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आंध्र प्रदेश निवासी अवास कामेश्वरा राय ने 22 जुलाई को अंबाला जीआरपी को बैग चोरी की शिकायत दी। जीआरपी ने महिला की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर शिकायत को सोनीपत राजकीय पुलिस के पास भेजा है। महिला का कहना है कि वह वैष्णो देवी के दर्शन कर अम्ब अंदौरा स्टेशन से हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन में दिल्ली के लिए चलीं थी। वह परिजन के साथ कोच संख्या-दो में 33 व 66 सीट संख्या पर बैठे थे। ट्रेन जैसे ही अंबाला स्टेशन पर पहुंची तो उन्हें अपना बैग नहीं मिला। उन्होंने अपने स्तर पर बैग की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस संबंध में जांच अधिकारी मोनिका ने बताया कि पुलिस स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी की रिकार्डिंग खंगाल रही है, ताकि बैग चोरी की वारदात का पता लगाया जा सके। जांच कर जल्द आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।